तालडांगरा में चम्पाई सोरेन का हुंकार: “बंगाल परिवर्तन के लिए तैयार”
बांकुड़ा (पश्चिम बंगाल) : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने मंगलवार को बांकुड़ा जिले के तालडांगरा में आयोजित विजय संकल्प सभा में बड़ा राजनीतिक संदेश देते हुए कहा कि “पश्चिम बंगाल अब परिवर्तन के लिए तैयार है।” इस सभा में उनके साथ पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने मंच से राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर जमकर निशाना साधा।
अपने संबोधन की शुरुआत आदिवासी अस्मिता के मुद्दे से करते हुए चम्पाई सोरेन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही वह पार्टी है जिसने झारखंड राज्य का गठन किया और संथाली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराया। उन्होंने गुरु गोमके पंडित रघुनाथ मुर्मू के सम्मान में सिक्का और डाक टिकट जारी करने का भी जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने आदिवासी समाज को सम्मान देने का काम किया है।
चम्पाई सोरेन ने आरोप लगाया कि वाम मोर्चा के 34 वर्षों और टीएमसी के 15 वर्षों के शासन ने पश्चिम बंगाल को विकास के मामले में पीछे धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि हजारों फैक्टरियां बंद हो गईं, लाखों युवा बेरोजगार हो गए और लोग पलायन को मजबूर हैं। इसके साथ ही उन्होंने राज्य की बदलती जनसांख्यिकी (डेमोग्राफी) पर भी चिंता जताई और युवाओं से एकजुट होने का आह्वान किया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने टीएमसी सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में सुशासन पूरी तरह से विफल हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि आदिवासी समाज का सम्मान नहीं किया जा रहा है, जबकि भाजपा ने एक साधारण परिवार से आने वाली महिला को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचाया।
सभा के दौरान चम्पाई सोरेन ने जनता से अपील की कि सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए भाजपा को समर्थन दें। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी सौविक पात्रा के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि “इन चुनावों में टीएमसी सरकार की विदाई तय है।”


















