चतरा : टंडवा में प्रेमी-प्रेमिका को दंड देने की कोशिश, पुलिस पर पथराव
चतरा एस्बेस्टस की सीट तोड़कर घर में घुसे उपद्रवी, बचाने पहुंची पुलिस ने की हवाई फायरिंग; थाना प्रभारी घायल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
चतरा। टंडवा प्रखंड क्षेत्र में प्रेमी-प्रेमिका को लेकर बीती रात जमकर हंगामा और हिंसक झड़प हो गई। कथित तौर पर कुछ उपद्रवियों ने प्रेमी-प्रेमिका को घर में बंद किए जाने के बाद वहां पहुंचकर एस्बेस्टस की सीट तोड़ दी और दोनों को अपने कब्जे में लेकर कथित रूप से दंड देने की कोशिश की।
मामले की सूचना मिलने पर टंडवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर के अंदर मौजूद प्रेमी-प्रेमिका को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया। इस दौरान स्थिति अचानक बिगड़ गई और पुलिस तथा उपद्रवियों के बीच तनाव बढ़ गया। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी

इसी दौरान उपद्रवियों की ओर से पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया गया। पथराव में पुलिस निरीक्षक सह टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए एनटीपीसी के संजीवनी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।
घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा गया है। पुलिस-प्रशासन की टीम स्थिति पर नजर रख रही है और माहौल को शांत कराने का प्रयास कर रही है।
पुलिस-प्रशासन ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने, संयम बरतने और कानून को अपने हाथ में नहीं लेने की चेतावनी दी गई है।
फिलहाल इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घटना में शामिल लोगों की भूमिका और पूरे विवाद के कारणों की जांच की जा रही है।

















