सोनारी दुमुहानी में LPG टैंकर से गैस रिसाव, मची अफरा-तफरी; चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
जमशेदपुर। सोनारी के दुमुहानी इलाके में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब LPG गैस से भरे एक टैंकर से अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया। टैंकर चालक की नजर जैसे ही लीकेज पर पड़ी, उसने बिना देर किए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और इसकी सूचना कंपनी प्रबंधन के साथ पुलिस को दी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गैस रिसाव की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी। इससे कुछ देर के लिए इलाके में यातायात प्रभावित रहा।

इधर, एलपीजी कंपनी के अधिकारी और तकनीकी टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। तकनीकी टीम ने टैंकर की जांच कर गैस रिसाव को नियंत्रित किया और स्थिति को सुरक्षित बनाया। इसके बाद इलाके में सामान्य स्थिति बहाल की गई।
सोनारी थाना के पदाधिकारी के अनुसार, गैस रिसाव के दौरान यदि किसी वाहन से निकली चिंगारी टैंकर के संपर्क में आ जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। ऐसे में चालक की सतर्कता और पुलिस की तत्काल कार्रवाई ने संभावित दुर्घटना को टाल दिया।
पुलिस के मुताबिक, रिसाव पूरी तरह नियंत्रित होने के बाद टैंकर को कंपनी परिसर की ओर रवाना कर दिया गया। समय रहते उठाए गए एहतियाती कदमों के कारण बड़ा हादसा होने से बच गया।

















