चतरा पुलिस ने 31 एकड़ अवैध अफीम की खेती को किया नष्ट, दोषियों की तलाश जारी
चतरा : चतरा जिले में अवैध अफीम (पोस्ता) की खेती पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने एक बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल के निर्देश पर आज जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 31 एकड़ वन भूमि पर उगाई गई अवैध अफीम की खेती को शुरुआती अवस्था में ही पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
अभियान के दौरान लावालॉन्ग थाना अंतर्गत ग्राम सामहे (कोलकोले) में लगभग 18 एकड़, कुंदा थाना अंतर्गत ग्राम कोजरम में लगभग 03 एकड़ और सौहारलोत्त में लगभग 10 एकड़ में कार्रवाई की गई।
यह खेती मुख्य रूप से वन भूमि पर की जा रही थी, जिसे पुलिस ने ट्रैक्टर और अन्य साधनों की मदद से जुताई करके पूरी तरह बर्बाद कर दिया। चतरा पुलिस ने बताया कि अवैध खेती में शामिल व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


















