घाटशिला विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने की समीक्षा, निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश
रांची : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने शनिवार को पूर्वी सिंहभूम के जिला निर्वाचन पदाधिकारी के साथ 45–घाटशिला विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की।
बैठक में उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली किसी भी अवैध गतिविधि पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
के रवि कुमार ने बताया कि आयोग द्वारा मतदान से लेकर मतगणना तक की प्रत्येक गतिविधि के लिए विस्तृत मॉड्यूल एवं दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए गए हैं। अधिकारियों को इनका अनुपालन करते हुए सभी तैयारियां समय पर और पारदर्शिता के साथ पूरी करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि उपचुनाव की प्रक्रिया में पारदर्शिता और सहभागिता बनाए रखना आवश्यक है। बैठक में मतदाता सूची, मतदान केंद्रों की सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, ईवीएम/वीवीपैट की तैयारी, प्रशिक्षण कार्यक्रम, तथा आदर्श आचार संहिता के अनुपालन की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि इस उपचुनाव में कुछ नवाचार (Innovations) किए जा रहे हैं — सभी आईटी एप्लिकेशन को ECInet प्लेटफॉर्म पर एकीकृत किया गया है, जिससे चुनाव कार्यों की निगरानी और समन्वय अधिक सुगम होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक दलों के कैंप अब मतदान केंद्र से 100 मीटर की दूरी पर ही लगाए जा सकेंगे। इसके लिए सभी मतदान केंद्रों पर मार्किंग की समय पर व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
के रवि कुमार ने यह भी बताया कि सभी मतदान केंद्रों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी वेबकास्टिंग के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी।
बैठक में आईजी धनंजय कुमार, नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, तथा पूर्वी सिंहभूम जिला निर्वाचन पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित रहे।


















