प्रशिक्षु उप समाहर्त्ताओं के साथ उपायुक्त की समीक्षा बैठक, जनसेवा में समर्पण और पारदर्शिता पर जोर

रांची : जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित कॉन्फ्रेंस कक्ष में प्रशिक्षु उप समाहर्त्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य अधिकारियों को जिला प्रशिक्षण के दौरान आवश्यक मार्गदर्शन देना तथा उन्हें प्रशासनिक जिम्मेदारियों और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराना था।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी प्रशिक्षु उप समाहर्त्ताओं से एक-एक कर उनके कार्य अनुभव, पूर्व भूमिकाओं और प्रशासनिक पृष्ठभूमि की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों से उनके विचार, चुनौतियों और सुझाव भी साझा कराए गए। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से आम लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि पात्र लाभुकों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन में अपनी भूमिका निभाते हुए जनसेवा के प्रति पूर्ण समर्पण रखना आवश्यक है। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, निष्ठा, जवाबदेही और त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहकर उनका शीघ्र समाधान करना ही सच्ची जनसेवा है। प्रशिक्षण अवधि के दौरान अधिकारियों को विभिन्न प्रखंडों, अंचलों और विभागों का गहन अध्ययन करने तथा जमीनी स्तर की समस्याओं को समझने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का अंतिम लक्ष्य आम नागरिकों तक बेहतर सुविधाएं और विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। बैठक में प्रशिक्षु उप समाहर्त्ताओं ने भी अपने अनुभव साझा किए।
















