मगध परियोजना, सीसीएल लातेहार में न्याय की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान देवेंद्र नाथ महतो हिरासत में

लातेहार : मगध परियोजना, सीसीएल लातेहार क्षेत्र में तीन मासूम बच्चों—माही, दीपिका एवं आर्यन—की दर्दनाक मृत्यु के मामले में न्याय की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान रविवार देर शाम पुलिस प्रशासन द्वारा आंदोलन स्थल से देवेंद्र नाथ महतो को हिरासत में ले लिया गया।
जानकारी के अनुसार, यह आंदोलन स्थानीय निवासी द्वारिका गोंझू के तीन बच्चों की शुक्रवार को अवैध उत्खनन से बने जलाशय में डूबकर हुई मौत के बाद शुरू किया गया था। घटना के बाद मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने, दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग को लेकर देवेंद्र नाथ महतो पिछले 48 घंटों से धरना-प्रदर्शन कर रहे थे।
बताया गया कि आंदोलन के दौरान वे कंपनी के परिवहन कार्य को रोकते हुए परियोजना के मुख्य द्वार पर धरना दे रहे थे। रविवार शाम लगभग 07:00 बजे पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और उन्हें हिरासत में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद समर्थकों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण और अफरा-तफरीपूर्ण हो गई।
स्थानीय लोगों एवं बालूमाथ क्षेत्र के निवासियों ने प्रशासन से देवेंद्र नाथ महतो की शीघ्र एवं सुरक्षित रिहाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

















