Dhanbad news

धनबाद: काम का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का प्रयास, ‘आपणो घर’ सोसाइटी में मचा बवाल; एक गिरफ्तार

Share
Link copied

Dhanbad news

गोविंदपुर (धनबाद): धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित एक हाई-प्रोफाइल सोसाइटी में काम दिलाने के बहाने असम निवासी एक युवती के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों की तत्परता और हंगामे के बाद एक आरोपी को मौके से ही धर दबोचा गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, पीड़िता ट्रेन छूट जाने के बाद धनबाद स्टेशन के आसपास थी। इस दौरान उसकी मुलाकात आरोपी राजू साव से हुई। आरोपी ने उसे घरेलू काम दिलाने का भरोसा दिलाया और उसे गोविंदपुर स्थित ‘आपणो घर’ सोसाइटी के एक फ्लैट में ले गया।

पीड़िता का आरोप है कि फ्लैट में ले जाने के बाद वहां मौजूद लोगों ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। जब उसने विरोध किया, तो उसे जबरन शराब पिलाने की भी कोशिश की गई।

स्थानीय लोगों ने पकड़ा आरोपी

युवती के शोर मचाने पर सोसाइटी के निवासी मौके पर जुट गए। आक्रोशित भीड़ ने तुरंत घेराबंदी करते हुए आरोपी राजू साव को पकड़ लिया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। सूचना मिलते ही गोविंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट की तलाशी ली, जहां से शराब की बोतलें और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई हैं।

पुलिस की जांच जारी

गोविंदपुर थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़िता वर्तमान में काफी सदमे में है, जिसके कारण उसका विस्तृत बयान दर्ज नहीं हो सका है। पीड़िता का मोबाइल फोन खो जाने के कारण उसके परिजनों से संपर्क स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और फरार आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।

Also Read :

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।