मांडर में आपदा प्रबंधन और साइकिल वितरण कार्यक्रम: मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बांटी मुआवजा राशि और योजनाओं के लाभ

मांडर में आपदा प्रबंधन और साइकिल वितरण कार्यक्रम: मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बांटी मुआवजा राशि और योजनाओं के लाभ

Share
Link copied

रांची : मांडर प्रखंड कार्यालय परिसर में झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने एक विशेष कार्यक्रम में आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा राशि, साइकिल, अबुआ आवास योजना की चाबी और सोना-सोबरन धोती-साड़ी योजना के तहत वस्त्र वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

वर्ष 2023 से 2024 के बीच सड़क दुर्घटना, डूबने और सर्पदंश से मृतकों के आश्रितों को मुआवजा राशि प्रदान की गई। सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 1 लाख रुपये और डूबने व सर्पदंश के मामलों में 4 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई।

कार्यक्रम में 131 छात्राओं को कल्याण विभाग की ओर से साइकिल वितरित की गई, जिससे स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी। छात्राओं के चेहरे पर साइकिल पाकर खुशी साफ झलक रही थी। इसके अलावा, 15 लाभुकों को अबुआ आवास योजना के तहत गृह प्रवेश के लिए चाबी और सोना-सोबरन धोती-साड़ी योजना के तहत वस्त्र भी वितरित किए गए।

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि मांडर की जनता के आशीर्वाद ने मुझे इस मुकाम तक पहुंचाया है। हेमंत सोरेन सरकार हर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। जरूरत है कि लोग इन योजनाओं से जागरूक होकर जुड़ें और बिचौलियों से बचें। उन्होंने लाभुकों से अपील की कि योजनाओं का लाभ लेने के लिए केवल एस्क्रो खाते में अंशदान जमा करें और ठगी से सावधान रहें।

मंत्री ने कहा कि कुछ दल चुनाव के समय धर्म की राजनीति करते हैं, लेकिन उनकी प्राथमिकता मांडर की जनता और क्षेत्र का विकास है। उन्होंने अपने लक्ष्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों की दवाई, महिलाओं का सम्मान, युवाओं को रोजगार और क्षेत्र का विकास मेरा मिशन है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow