झारखंड छात्र मोर्चा के दर्जनों सदस्य आजसू छात्र संघ में शामिल, सुदेश महतो ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना
आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की प्राथमिकता शिक्षा और युवाओं के भविष्य को संवारने की नहीं, बल्कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए राज्यपाल के अधिकारों पर प्रहार करना है। रांची में आजसू छात्र संघ द्वारा आयोजित मिलन समारोह में श्री महतो ने कहा कि यह कदम लोकतांत्रिक परंपराओं और संविधान की मूल भावना का अपमान है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड में बेरोजगारी चरम पर है और नौकरियां सिर्फ कागजों तक सीमित हैं। सरकार की प्राथमिकता शराब की दुकानों का समय तय करना है, न कि युवाओं के लिए रोजगार सृजन। उन्होंने कुलपति चयन में सरकार के हस्तक्षेप को युवाओं के अधिकारों पर कुठाराघात बताया। साथ ही, जनजातीय सलाहकार परिषद के मामले में भी राज्यपाल के अधिकारों में कटौती को अलोकतांत्रिक करार दिया।
उन्होंने कहा कि स्थानीय नीति और नियोजन नीति के नाम पर जनता को गुमराह किया गया। भर्ती प्रक्रिया और नियुक्ति कैलेंडर में सरकार पूरी तरह विफल रही है। तीन महीने में शून्य खर्च और योजनाओं पर अमल न होना इसकी नाकामी दर्शाता है।
सुदेश महतो ने जोर देकर कहा कि आजसू झारखंड के हर वर्ग के लिए लड़ रही है। इन्होंने कहा हम विचारों को एकत्रित करेंगे, चाहे वह परिवार, गांव या कोई क्षेत्र हो। यह पार्टी सभी की है और हर मुद्दे पर निर्णायक लड़ाई लड़ेगी।
केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि आजसू ने संघर्ष के दम पर झारखंड राज्य का गठन करवाया और तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से वार्ता कर वनांचल की बजाय ‘झारखंड’ नामकरण सुनिश्चित किया। उन्होंने कहा कि हम छात्रों, युवाओं और सभी वर्गों के लिए हमेशा संघर्ष करते रहेंगे। हमारा लक्ष्य सामाजिक न्याय और समृद्ध झारखंड है।
मिलन समारोह में झारखंड छात्र मोर्चा के दर्जनों सदस्यों ने आजसू छात्र संघ की सदस्यता ग्रहण की। रांची, बोकारो, देवघर, चतरा और गिरिडीह से आए छात्रों का नेतृत्व प्रताप सिंह ने किया। शामिल होने वालों में रांची से प्रताप सिंह, विद्यानंद राय, ऋषभ सिंह, अरुण चौहान, राहुल पासवान, पृथ्वी एक्का, राजा चौहान, सिकंदर मुंडा, अनुराग ठाकुर, रोहन चौहान; बोकारो से कार्तिक गुप्ता, अरुण जायसवाल, हर्षवर्धन सिंह, गौरव कुमार; देवघर से सचिन सिंह, आयुष सिंह, प्रीतम भरद्वाज, हर्षित पांडे; चतरा से शुभम तिवारी, रोशन कुमार, प्रभाकर चौहान, रोहित भरद्वाज, अमिताभ कुमार, आनंद कुमार; और गिरिडीह से किशोर मंडल शामिल हैं।

















