सिमडेगा में अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया ईद मिलादुन्नबी, जुलूस-ए-मोहम्मदी का भव्य स्वागत
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में शुक्रवार को ईद मिलादुन्नबी का पवित्र त्योहार अकीदत, मोहब्बत और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हजरत मोहम्मद सल्ललाहो अलैही वसल्लम की जयंती के उपलक्ष्य में जुलूस-ए-मोहम्मदी का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। जुलूस में “रसूल-ए-खुदा की शान अल्लाह-अल्लाह” जैसे नारे बुलंद करते हुए धर्मावलंबी एकजुटता और भाईचारे का संदेश देते हुए आगे बढ़े।
आजाद बस्ती, खैरनटोली और भट्ठीटोली से शुरू हुए जुलूस महावीर चौक पर एकत्रित हुए और विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस लौटे। जुलूस के दौरान उलेमा-ए-कराम ने ईद मिलादुन्नबी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हजरत मोहम्मद साहब ने समाज से कुरीतियों को समाप्त कर शांति, समानता और भाईचारे का पैगाम दिया। उन्होंने महिलाओं को अधिकार और सम्मान दिलाने के साथ-साथ समाज में अमन और मोहब्बत कायम करने पर जोर दिया।
पत्रकार संघ और ओम प्रकाश अग्रवाल सेवा ट्रस्ट ने किया जुलूस का स्वागत
नीचे बाजार पेट्रोल पंप के पास सिमडेगा पत्रकार संघ और स्व. ओम प्रकाश अग्रवाल सेवा ट्रस्ट द्वारा जुलूस-ए-मोहम्मदी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान अंजुमन के पदाधिकारियों और विशिष्ट व्यक्तियों को अंगवस्त्र और इस्लामिक झंडा भेंट कर सम्मानित किया गया। जुलूस में शामिल अकीदतमंदों के लिए शरबत और पानी की व्यवस्था भी की गई थी। इस अवसर पर चीकू अग्रवाल, रवि अग्रवाल, राकेश सरगुजा, श्रीराम पूरी, आशीष शास्त्री, विकास साहू, अमन मिश्रा, अफजल ईमाम समेत पत्रकार संघ के सभी सदस्य मौजूद रहे। सभी ने उपस्थित लोगों को ईद मिलादुन्नबी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
पुलिस प्रशासन की रही चाक-चौबंद व्यवस्था
जुलूस के दौरान सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए थे। पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।

















