आंधी-तूफान में सड़क पर गिरा बिजली का पोल, हादसे की आशंका

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा: जिले में रविवार देर शाम आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। रामरेखा मुख्य पथ स्थित पात्रा टोली के पास तेज हवा के कारण एक विद्युत पोल सड़क पर गिर गया। वहीं आसपास के कई पेड़-पौधे भी उखड़कर सड़क पर आ गिरे, जिससे मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया।
सड़क के बीचों-बीच बिजली का खंभा गिरने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा उत्पन्न हो गया है। स्थानीय लोगों ने संभावित दुर्घटना को देखते हुए सड़क पर पेड़ की डालियां रखकर अस्थायी संकेतक बनाया, ताकि आने-जाने वाले लोग सतर्क रह सकें।
घटना के बाद 440 वोल्ट का बिजली तार भी सड़क पर बिखरा पड़ा है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल बिजली आपूर्ति बंद करने तथा गिरे हुए खंभे और तार को जल्द हटाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। फिलहाल लोग सावधानी बरतते हुए वैकल्पिक रास्तों का उपयोग कर रहे हैं।

















