नेपाल में श्री सर्वेश्वरी समूह का सराहनीय प्रयास: मिर्गी व नेत्र रोग के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित

नेपाल में श्री सर्वेश्वरी समूह का सराहनीय प्रयास: मिर्गी व नेत्र रोग के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित

Share
Link copied

नेपाल : श्री सर्वेश्वरी समूह द्वारा नेपाल में जरूरतमंद लोगों के लिए एक सराहनीय पहल करते हुए निःशुल्क मिर्गी रोग चिकित्सा शिविर एवं नेत्र चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर नेपाल के डांग जिला अंतर्गत लमही नगर पालिका-4, बड़का घुम्ना, देउखरी में आयोजित हुआ।

मिर्गी रोगियों को मिला परामर्श और उपचार

मिर्गी रोग चिकित्सा शिविर में वैद्य रंजीत कुमार सिंह ने कुल 49 मरीजों (जिसमें 1 बच्चा शामिल) का परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाएं और आवश्यक परहेज संबंधी सलाह दी। शिविर में नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों से आए मरीजों ने भाग लिया और उपचार के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली, नशामुक्ति एवं संतुलित खान-पान के प्रति जागरूकता प्राप्त की।

128 नेत्र रोगियों की जांच, 27 ऑपरेशन के लिए चयनित

नेत्र चिकित्सा शिविर में एमबीबीएस, एमएस (नेत्र) डॉ. डॉ. विमल और उनकी टीम ने कुल 128 जरूरतमंद मरीजों की आंखों की जांच की। जांच के बाद 50 मरीजों को निःशुल्क चश्मा प्रदान करने हेतु चयनित किया गया। 27 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया। संस्था द्वारा चश्मे जल्द उपलब्ध कराने तथा चिन्हित मरीजों के निःशुल्क ऑपरेशन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही सभी जरूरतमंदों को आवश्यक दवाएं भी वितरित की गईं।

गोष्ठी में विचार-विमर्श और संगठन के आदर्शों पर चर्चा

शिविर के एक दिन पूर्व 11 अप्रैल को एक लघु गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता लक्ष्मी नगर प्रमुख योगराज चौधरी ने की। कार्यक्रम की शुरुआत अघोरेश्वर भगवान राम एवं बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम के चित्रों पर माल्यार्पण एवं आरती से हुई। गोष्ठी में समूह के प्रचार मंत्री पारस नाथ यादव सहित कई सदस्य एवं स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। आयोजन में नेपाल की बसंती चौधरी की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।

समाजसेवा की दिशा में मजबूत कदम

श्री सर्वेश्वरी समूह द्वारा आयोजित यह शिविर सीमापार मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिससे सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिला। संस्था का यह प्रयास समाज के कमजोर वर्गों के लिए प्रेरणादायक है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।