अघोर पीठ श्री सर्वेश्वरी समूह आश्रम में निःशुल्क मिर्गी रोग चिकित्सा शिविर का आयोजन

अघोर पीठ श्री सर्वेश्वरी समूह आश्रम में निःशुल्क मिर्गी रोग चिकित्सा शिविर का आयोजन

Share
Link copied

वाराणसी पड़ाव स्थित अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम्, अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम के पवित्र प्रांगण में मंगलवार को निःशुल्क मिर्गी रोग चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में आश्रम के अनुभवी वैद्य रंजीत कुमार ने 185 मरीजों (जिनमें 15 बच्चे शामिल थे) को आयुर्वेदिक और फकीरी औषधियां प्रदान कीं।

वैद्य रंजीत कुमार ने मरीजों को नशे से दूर रहने, उचित खान-पान और परहेज संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। शिविर में मरीजों को उनकी स्थिति के अनुसार आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया। एक दिन पूर्व आश्रम पहुंचे मरीजों और उनके सहयोगियों के लिए ठहरने और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था संस्था द्वारा की गई।

यह शिविर देश-विदेश से आए मरीजों के लिए लाभकारी रहा। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा बिहार, झारखण्ड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, राजस्थान, दिल्ली और नेपाल से आए मरीजों ने औषधि और परामर्श प्राप्त कर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया।

श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान, बाबा भगवान राम ट्रस्ट और अघोर परिषद् ट्रस्ट, विश्ववंद्य संत परमपूज्य अघोरेश्वर बाबा भगवान राम जी द्वारा स्थापित, पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी के सान्निध्य और अध्यक्षता में कुष्ठ रोगियों, पीड़ितों, उपेक्षितों और जरूरतमंदों की सेवा में निरंतर संलग्न है। संस्था मिर्गी रोग के उन्मूलन के लिए भी कृतसंकल्प है और इस दिशा में निरंतर लोककल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करती रहती है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow