गढ़वा : चोरी का ट्रैक्टर बिहार में मिला, 3 बाइक भी बरामद; अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा, तीन गिरफ्तार
गढ़वा। गढ़वा में सक्रिय वाहन चोर गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गढ़वा पुलिस ने बिहार पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए चोरी का एक ट्रैक्टर और तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह से जुड़े हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!दरअसल, पिछले कुछ दिनों से गढ़वा सदर और मेराल थाना क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थीं। इसी बीच दो दिन पहले सदर थाना क्षेत्र के बेलचंपा से अज्ञात चोरों ने एक ट्रैक्टर चोरी कर लिया था। घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को चोरी किए गए ट्रैक्टर के बिहार के रोहतास जिले के सासाराम स्थित ताराचंडी इलाके में होने की जानकारी मिली। इसके बाद गढ़वा पुलिस ने रोहतास के एसपी से संपर्क कर पूरी जानकारी साझा की।
गढ़वा पुलिस से मिली सूचना के आधार पर रोहतास एसपी ने तत्काल पुलिस टीम गठित की। टीम ने ताराचंडी इलाके में घेराबंदी कर चोरी के ट्रैक्टर के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इसके बाद गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर गढ़वा के मेराल थाना क्षेत्र से एक अन्य आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
गढ़वा सदर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं के उद्भेदन और चोरी गए वाहनों की बरामदगी के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। इसी जांच के दौरान गढ़वा पुलिस को बिहार पुलिस का सहयोग मिला और अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा हुआ।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी किए गए दूसरे वाहनों के बारे में जानकारी जुटा रही है।


















