गिरिडीह में भीषण सड़क हादसा: तीन ट्रकों में लगी आग, दो लोग जिंदा जले
झारखंड के गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे में तीन ट्रकों में भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीटी रोड पर टोल प्लाजा के पास दो ट्रक पहले से खड़े थे। सुबह करीब 5 बजे गुड (गुड़) से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर खड़े ट्रकों से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि देखते ही देखते ट्रकों में आग लग गई।
इस घटना में दो ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जबकि एक ट्रक आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ। आग लगने के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने और बचाव कार्य की कोशिश की।
डुमरी थाना प्रभारी श्रीकांत के अनुसार, इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


















