ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, 3.95 ग्राम मादक पदार्थ बरामद

ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, 3.95 ग्राम मादक पदार्थ बरामद

Share
Link copied

गोड्डा : गोड्डा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सरफराज खान उर्फ निशु खान (28 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से कुल 3.95 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पोस्ट ऑफिस चौक के पास एक व्यक्ति ब्राउन शुगर का सेवन करने के साथ-साथ उसकी खरीद-बिक्री भी कर रहा है।

सूचना के सत्यापन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक कुमार प्रियदर्शी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पोस्ट ऑफिस चौक के समीप छापेमारी की, जहां सरफराज खान को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से सिल्वर पेपर में लिपटी तीन पुड़िया ब्राउन शुगर तथा एक पारदर्शी प्लास्टिक में रखा चिपचिपा मादक पदार्थ बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 3.95 ग्राम बताया गया है।

इस मामले में गोड्डा नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, सरफराज खान का आपराधिक इतिहास रहा है। वह वर्ष 2021 में एनडीपीएस एक्ट तथा 2024 में आर्म्स एक्ट के मामले में भी जेल जा चुका है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी लगातार बाहर से ब्राउन शुगर लाकर खुद भी सेवन करता था और अन्य लोगों को भी सप्लाई करता था। पुलिस को इसकी सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।