झारखंड में सिनेमा प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी: रांची में खुलेगा SRFTI समर्थित फिल्म संस्थान, शॉर्ट टर्म कोर्सेज से होगी शुरुआत

नवीन कुमार
रांची: झारखंड के युवाओं के लिए रचनात्मक क्षेत्र में आगे बढ़ने का एक बेहतरीन अवसर सामने आया है। अब कोलकाता के प्रतिष्ठित संस्थान सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) के सहयोग से रांची के सूचना भवन में फिल्म और मीडिया से जुड़े विभिन्न कोर्सेज की शुरुआत होने जा रही है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य राज्य में सिनेमा का स्वस्थ माहौल तैयार करना और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोफेशनल प्लेटफॉर्म देना है।
सोमवार से शुक्रवार चलेंगी क्लासेज, वर्किंग प्रोफेशनल्स को भी मिलेगा मौका

शुरुआती चरण में संस्थान के भीतर शॉर्ट टर्म कोर्सेज संचालित किए जाएंगे। इन कक्षाओं का समय सोमवार से शुक्रवार, सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक तय किया गया है, ताकि कॉलेज के छात्र और वर्किंग प्रोफेशनल्स भी अपनी स्किल्स को आसानी से बेहतर बना सकें।
इन विषयों में ले सकेंगे ट्रेनिंग
शॉर्ट टर्म कोर्सेज के तहत युवाओं को फिल्म निर्माण की बारीकियों से रूबरू कराया जाएगा। इनमें प्रमुख तौर पर शामिल हैं:
फिल्म एप्रिसिएशन (Film Appreciation)
वीडियो एडिटिंग (Editing)
स्क्रिप्ट राइटिंग (Script Writing)
सिनेमेटोग्राफी (Cinematography)
डायरेक्शन (Direction)
एनिमेशन (Animation)
शुरुआती शॉर्ट टर्म सेशन के बाद अगले सत्र से यहां यूजी (UG) और पीजी (PG) कोर्सेज की भी विधिवत शुरुआत की जाएगी। संस्थान के लिए जरूरी आधुनिक उपकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर की पूरी व्यवस्था ‘झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड’ (JFDC) द्वारा की जा रही है।
SRFTI की देखरेख में होगी पढ़ाई, कोलकाता से आएंगे एक्सपर्ट्स
इस संस्थान की सबसे बड़ी खूबी इसकी अकादमिक गुणवत्ता होगी। पढ़ाई से लेकर छात्रों के मूल्यांकन, परीक्षाओं और डिग्री-सर्टिफिकेट वितरण तक की सारी व्यवस्था SRFTI के तय मानकों के अनुसार होगी।
इसके अलावा, SRFTI अपने अनुभवी प्रोफेसर्स और तकनीकी विशेषज्ञों को रांची भेजेगा, जो सीधे तौर पर यहां के युवाओं को गाइड करेंगे। नए दौर के निर्देशकों, कलाकारों और फिल्म तकनीशियनों (Technicians) की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक पाठ्यक्रम तैयार किए गए हैं। साथ ही, सरकार द्वारा बनने वाली विशेष लाइब्रेरी के लिए SRFTI बेहतरीन पुस्तकों और विश्व प्रसिद्ध फिल्मों की सूची (Bibliography & Filmography) भी उपलब्ध कराएगा।
क्या बोले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन?

इस योजना को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आज सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों के जरिए युवाओं की कलाकारी देश-दुनिया के सामने आ रही है। यह एक बेहद क्रिएटिव फील्ड है, जो छोटे प्रयास से लेकर एक बड़े व्यावसायिक क्षेत्र तक का अवसर देता है।
उन्होंने कहा, “कैमरे के आगे और पीछे काम करने वाली एक बहुत बड़ी फौज इस इंडस्ट्री में मौजूद है। सभी के हुनर को एक मंच पर लाने का काम यह नया प्लेटफॉर्म करेगा। सत्यजीत रे फिल्म इंस्टीट्यूट के योगदान को नकारा नहीं जा सकता, और अब झारखंड के युवाओं को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।”
सिनेमा कल्चर को मिलेगा बढ़ावा: IPRD

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (IPRD) के डायरेक्टर राजीव लोचन बक्शी ने कहा कि झारखंड का सिनेमा से पुराना और गहरा नाता रहा है। ऋत्विक घटक से लेकर सत्यजीत रे जैसी महान हस्तियों ने यहां अपनी फिल्मों की शूटिंग की है। झारखंड के कई युवा आज महानगरों में रहकर बेहतरीन काम कर रहे हैं। इस संस्थान के खुलने से राज्य में एक बार फिर सिनेमा का स्वस्थ माहौल बनेगा और मजबूत ‘सिनेमा कल्चर’ डेवलप होगा।
















