जीएसटी में सुधार झारखंड के लिए आर्थिक क्रांति, छोटे व्यापारियों और किसानों को मिलेगा लाभ : डॉ. प्रदीप वर्मा
रांची : भारतीय जनता पार्टी के झारखंड महामंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) में किए गए हालिया बदलावों को ऐतिहासिक और झारखंड के विकास के लिए वरदान करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह सुधार न केवल कर प्रणाली को सरल बनाएंगे, बल्कि आर्थिक पारदर्शिता, सामाजिक न्याय और जनता के विश्वास को मजबूत करेंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!डॉ. वर्मा ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में लागू ये सुधार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प को साकार करते हैं। यह झारखंड जैसे विकासशील राज्य के लिए आर्थिक क्रांति का मार्ग प्रशस्त करेगा।”
डॉ. वर्मा ने बताया कि जीएसटी सुधारों से विभिन्न वर्गों को सीधा लाभ होगा। छोटे व्यापारियों के लिए पंजीकरण, रिटर्न और कर निर्धारण की प्रक्रियाएँ सरल होंगी, जिससे उनका व्यवसाय और सशक्त होगा। शिक्षा क्षेत्र में जीएसटी छूट से छात्रों और अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम होगा, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अधिक सुलभ होगी। किसानों के लिए कृषि उपकरणों पर कर रियायत ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देगी। उद्यमियों और स्टार्ट-अप्स को प्रोत्साहन मिलने से झारखंड में नए उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
डॉ. वर्मा ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस और उसकी सहयोगी सरकारों ने दशकों तक जटिल कर व्यवस्था को बनाए रखा, जिससे न व्यापारियों को राहत मिली और न ही जनता को सुविधा। उन्होंने कहा, “पुरानी सरकारें टैक्स को राजनीति का हथियार बनाती थीं, लेकिन मोदी सरकार इसे विकास का साधन बना रही है।”
उन्होंने जोर देकर कहा कि जीएसटी सुधार झारखंड की अर्थव्यवस्था में नई ऊर्जा का संचार करेंगे और आत्मनिर्भर झारखंड की दिशा में एक ठोस कदम साबित होंगे। डॉ. वर्मा ने इसे मोदी सरकार की दूरदर्शी नीतियों का जीवंत प्रमाण बताया, जो विकास और विश्वास की राह को और मजबूत करेगा।

















