गुमला में सजा ‘गुलाबी डोर’ प्रदर्शनी मेला, नारी सशक्तिकरण का दिया संदेश

निर्मल सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गुमला: स्थानीय माहेश्वरी धर्मशाला में बुधवार को माहेश्वरी महिला समिति के तत्वावधान में ‘गुलाबी डोर प्रदर्शनी मेला’ का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बाड़ा ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में नगर परिषद उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

उद्घाटन के बाद जिला परिषद अध्यक्ष ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। महिलाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, उन्हें सिर्फ सही मंच और अवसर देने की जरूरत है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं और आने वाले समय में लोकसभा एवं विधानसभा में भी उनकी भागीदारी और बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के हौसले बुलंद हों तो उन्हें आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। अपने हाथों से तैयार किए गए उत्पादों को प्रदर्शनी के माध्यम से बाजार उपलब्ध कराना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय पहल है। नगर परिषद उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने भी माहेश्वरी महिला समिति के कार्यों की सराहना की और महिलाओं के प्रयासों की प्रशंसा की।

माहेश्वरी महिला समिति की रूपा साबू ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि ‘गुलाबी डोर’ प्रदर्शनी का उद्देश्य माहेश्वरी परिवार के घरेलू एवं हस्तनिर्मित उत्पादों को बढ़ावा देना है। प्रदर्शनी में राज्य के विभिन्न जिलों से आए माहेश्वरी परिवार के सदस्यों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं।
मेले में बुटीक, वस्त्र, परिधान, श्रृंगार सामग्री समेत विभिन्न प्रकार के घरेलू एवं हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है। महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को लोगों ने काफी पसंद किया। मौके पर लायंस क्लब अध्यक्ष पदम साह, सचिव शंकर लाल जाजोदिया, पवन अग्रवाल, बनवारी अग्रवाल, दीपक कुमार सहित माहेश्वरी महिला समिति की कई महिलाएं उपस्थित थीं।















