स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जामताड़ा में दो सड़कों का किया शिलान्यास, आदिवासी समाज को मिली विकास की सौगात

जामताड़ा : दीपावली और छठ पर्व के पावन अवसर पर झारखण्ड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जामताड़ा जिले के करमाटांड़ और नारायणपुर प्रखंड में दो महत्वपूर्ण सड़कों का शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को विकास का ऐतिहासिक तोहफा दिया। इस पहल से आदिवासी और ग्रामीण समुदाय की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई, जिसका स्वागत ढोल-नगाड़ों, पटाखों और उत्साह के साथ हुआ।

शिलान्यास की गई सड़कों में करमाटांड़ प्रखंड में रिंगो-चिंगो मोहनपुर मुख्य पथ (रतनुडीह से गुणीडीह आदिवासी टोला तक) लंबाई 3.6 किलोमीटर और नारायणपुर प्रखंड में नावाटांड़ जंगलपुर मुख्य पथ से खरयोडीह आदिवासी ग्राम होते हुए एकसिंघा मुख्य पथ तक जिसकी लंबाई 4.5 किलोमीटर है। इन सड़कों का निर्माण लंबे समय से क्षेत्र के आदिवासी और ग्रामीण समुदाय की मांग थी। इनके बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

शिलान्यास समारोह में अपने संबोधन में डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, “यह सड़क मेरे लिए नहीं, बल्कि इस क्षेत्र के हर आदिवासी, मूलवासी, अल्पसंख्यक और मंडल समाज के लिए है। इस सड़क पर मैं नहीं चलूंगा, यहां के लोग चलेंगे और हमें दुआएं देंगे। उनकी मुस्कान और संतोष ही मेरी सबसे बड़ी जीत है।”

उन्होंने पूर्व की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “भाजपा ने आदिवासी समाज को हमेशा विकास से वंचित रखा। मैंने विधायक बनने के बाद वादा किया था कि जहां विकास की रोशनी नहीं पहुंची, वहां मैं सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार लेकर जाऊंगा। आज यह वादा पूरा हुआ है। हेमंत सोरेन सरकार हर समाज के विकास और अधिकार की बात करती है।”

शिलान्यास के मौके पर क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और पटाखों के साथ मंत्री का भव्य स्वागत किया। स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से आरती उतारकर डॉ. अंसारी को आशीर्वाद दिया। स्थानीय लोगों ने इसे दीपावली से पहले मिला एक अनमोल उपहार बताया।

ग्रामीणों ने कहा, *“हमने कभी नहीं सोचा था कि हमारे गांव तक सड़क बनेगी। अब हमारे बच्चे स्कूल सुरक्षित जा सकेंगे और मरीजों को अस्पताल पहुंचाना आसान होगा।” वहीं, एक बुजुर्ग ने भावुक होकर कहा, “हमारी आंखों में खुशी के आंसू हैं। आज हमें लगा कि सच में हमारी भी सरकार है, जो हमारे लिए सोचती है।”

मंत्री ने हेमंत सोरेन सरकार के विकास मॉडल को रेखांकित करते हुए कहा कि यह सरकार गांव-गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में क्षेत्र को और भी कई सौगातें मिलेंगी।
इस ऐतिहासिक अवसर पर आदिवासी समाज, ग्रामीण प्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने “इरफान अंसारी जिंदाबाद” के नारों से माहौल को गुलजार कर दिया।

















