रांची में भारी बारिश की चेतावनी, जिला प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने 19 जून की सुबह 8:30 बजे से 20 जून की सुबह 8:30 बजे तक रांची में जोरदार और भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान आसमान बेकाबू होकर बरस सकता है, जिसके चलते जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों को अलर्ट मोड में रहने की सलाह दी है।
भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। बिजली आपूर्ति बाधित होने, ट्रैफिक व्यवस्था चरमराने और कच्ची सड़कों के क्षतिग्रस्त होने की आशंका है। कमजोर मकानों की दीवारों को भी नुकसान का खतरा बना हुआ है, जिससे जान-माल दोनों को खतरा हो सकता है।
रांची जिला प्रशासन ने मौसम की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखने का आश्वासन दिया है और समय-समय पर अपडेट जारी करने की बात कही है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ध्यान दें।


















