“स्वस्थ नारी, सशक्त भारत अभियान” के तहत केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की महत्वपूर्ण बैठक
नई दिल्ली: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने “स्वस्थ नारी, सशक्त भारत अभियान” के तहत आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इस बैठक में देशभर से लगभग 2,500 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य अभियान के लिए विकसित डैशबोर्ड पर चर्चा करना और डेटा को समयबद्ध व सटीक रूप से अपडेट करने की प्रक्रिया को समझाना था। इसके साथ ही, सभी राज्यों को तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया ताकि अभियान के कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
झारखंड से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, GVI कैंपस, नामकुम, रांची से अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा अपनी टीम के साथ बैठक में शामिल हुए। उन्होंने झारखंड में अभियान की प्रगति और उपलब्धियों पर विस्तार से जानकारी दी तथा भविष्य की कार्ययोजना प्रस्तुत की।
17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान का लक्ष्य महिलाओं और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना, और समाज को स्वास्थ्य जागरूकता से जोड़ना है। यह अभियान “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार” के विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


















