20260104 205710

यादव समाज की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न: राजनीतिक हिस्सेदारी और सामाजिक उत्थान पर जोर

रांची : बलराम कृष्ण कल्याण समिति यादव समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आज धुर्वा पुराना विधानसभा स्थित मैदान में संपन्न हुई। बैठक में समाज के समृद्ध विकास और सामाजिक उत्थान को लेकर गहन चर्चा हुई तथा कई सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए। सैकड़ों सदस्यों की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता समिति के मुख्य संरक्षक एवं राजद नेता कैलाश यादव ने की।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

कैलाश यादव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में यादव समाज की आबादी लगभग 14 प्रतिशत है। समाज विभिन्न उपनामों जैसे यादव, गोप, अहीर, महतो, माजी, घोसी आदि से जाना जाता है। इसके बावजूद समाज लंबे समय से सामाजिक उपेक्षा का शिकार रहा है। शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक विकास के मामले में कई जिलों में पिछड़ापन बना हुआ है। हालांकि नई पीढ़ी शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही है, लेकिन राजनीतिक हिस्सेदारी काफी कमजोर है।

उन्होंने कहा कि यादव समाज के आराध्य भगवान कृष्ण के वंशज होने के नाते समाज की उत्पत्ति जनकल्याण और सुरक्षा प्रदान करने की रही है। 14 प्रतिशत आबादी के अनुपात में राजनीति में हिस्सेदारी नहीं मिलने से समाज को नुकसान हुआ है। चतरा, कोडरमा, गोड्डा, धनबाद सहित राज्य की लगभग 20 विधानसभा सीटों जैसे हुसैनाबाद, जरमुंडी, नाला, जामताड़ा, रामगढ़, बड़कागांव, बोकारो, झरिया, गिरिडीह, गांडेय, हटिया, रांची, जमशेदपुर पूर्वी, मधुपुर आदि में यादव समाज का मजबूत प्रतिनिधित्व होना चाहिए।

आरक्षण और निकाय चुनाव पर चिंता

कैलाश यादव ने राज्य में ओबीसी को मिले 27 प्रतिशत आरक्षण की चर्चा करते हुए कहा कि झारखंड देश का पहला राज्य है जहां ओबीसी वर्गों की संख्या लगभग 60 प्रतिशत है, फिर भी मात्र 27 प्रतिशत आरक्षण सामाजिक विकास में अन्याय है। निकाय चुनाव में बीसी-1 और बीसी-2 को अलग कर समाज को कमजोर किया गया है। सिमडेगा, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, सरायकेला जैसे जिलों में आरक्षण शून्य होने से ओबीसी समाज प्रभावित हुआ है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी निकाय चुनाव में यादव समाज एकजुट होकर अधिक प्रतिनिधित्व के लिए लड़ेगा। रांची महानगर के कुल 53 वार्डों से प्रतिनिधि अगली बैठक में शामिल होंगे।

राधाकृष्ण मंदिर निर्माण का फैसला

बैठक में सर्वसम्मति से बड़ा निर्णय लिया गया कि सेक्टर-3 स्थित क्षेत्र में भव्य राधाकृष्ण मंदिर का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 50 सदस्यीय विशेष कमिटी गठित की जाएगी। अगली बैठक 22 जनवरी को सेक्टर-3 स्थित धुर्वा राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण में होगी, जिसमें कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे।

कैलाश यादव ने समिति की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए बताया कि बलराम कृष्ण कल्याण समिति लगभग 40 वर्ष पुरानी संस्था है। पूर्व में एकीकृत बिहार के मुख्यमंत्री दरोगा प्रसाद राय, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामलखन सिंह यादव, रामवधेश सिंह यादव, राम जयपाल सिंह यादव, लालू प्रसाद यादव, चौधरी चरण सिंह जैसे बड़े नेता इससे जुड़े रहे हैं।

बैठक में प्रमुख उपस्थिति

बैठक में संरक्षक नंदन यादव, अध्यक्ष बबन यादव, सचिव संजीत यादव, विभाकर यादव, रंजन यादव, उमेश यादव, रामकुमार यादव, राजकिशोर सिंह यादव, प्रमोद यादव, रामभजन यादव, गौरीशंकर यादव, सुनील यादव, धनंजय यादव, राजेश यादव, पप्पू यादव, चंदेश्वर प्रसाद यादव, भैया जी यादव, ओमप्रकाश यादव, नवलकिशोर यादव, दयाशंकर यादव, सुरेंद्र यादव, उमेश राय, लोकनाथ यादव, रमाशंकर यादव, राहुल यादव, अनिल यादव सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।

Share via
Share via