FIH Youth Hockey5s World Cup के लिए भारतीय महिला और पुरुष टीम क्वालिफाई, झारखंड के खिलाड़ियों ने दिखाया दम

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!ओमान के मस्कट में आयोजित एशियन हॉकी5s प्रतियोगिता में भारतीय महिला और पुरुष हॉकी टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए FIH Youth Hockey5s World Cup 2026 के लिए क्वालिफाई कर लिया है। भारतीय पुरुष टीम ने फाइनल में पाकिस्तान को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि भारतीय महिला टीम ने रजत पदक अपने नाम किया।
भारतीय महिला टीम की सफलता में झारखंड की पांच खिलाड़ियों ने अहम भूमिका निभाई। इनमें सिमडेगा की संदीपा कुमारी और पुष्पा मांझी के अलावा खिल्ली कुमारी, नीलम टोपनो और श्रुति कुमारी शामिल हैं। प्रतियोगिता में संदीपा कुमारी लगातार तीन मैचों में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहीं, जबकि सेमीफाइनल में पुष्पा मांझी को यह सम्मान मिला।
भारतीय महिला टीम ने प्रतियोगिता के आठ मुकाबलों में पांच में जीत दर्ज की। फाइनल में उसे चीन के खिलाफ 4-2 से हार का सामना करना पड़ा। झारखंड की खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार बार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार अपने नाम किया।
वहीं, भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-1 से पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया। टीम में झारखंड के आशीष तनी पूर्ति भी शामिल थे, जिन्होंने प्रतियोगिता में तीन गोल कर टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

हॉकी इंडिया के महासचिव एवं हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने दोनों टीमों को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और पारदर्शी चयन प्रक्रिया का परिणाम आज देश के सामने है। उन्होंने बताया कि हॉकी इंडिया की ओर से स्वर्ण पदक विजेता पुरुष टीम के खिलाड़ियों को ₹2 लाख और सहयोगी स्टाफ को ₹1 लाख, जबकि रजत पदक विजेता महिला टीम के खिलाड़ियों को ₹1 लाख और स्टाफ को ₹50 हजार की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी ने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने इसका श्रेय झारखंड सरकार के प्रोत्साहन, हॉकी झारखंड के नेतृत्व और जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण को दिया।
भारतीय पुरुष टीम के स्वर्ण और महिला टीम के रजत पदक जीतने पर हॉकी झारखंड, हॉकी सिमडेगा तथा खेल विभाग के पदाधिकारियों ने पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।















