FIH नेशन्स कप के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम घोषित, झारखंड की तीन बेटियां टीम में शामिल; सलीमा टेटे को मिली कप्तानी

रांची : न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में 15 से 21 जून 2026 तक आयोजित होने वाले FIH हॉकी महिला नेशन्स कप 2025-26 के लिए हॉकी इंडिया ने 20 सदस्यीय भारतीय महिला टीम की घोषणा कर दी है। टीम में झारखंड की तीन खिलाड़ियों को जगह मिली है, जिनमें सिमडेगा की स्टार मिडफील्डर सलीमा टेटे को टीम की कप्तानी सौंपी गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सलीमा टेटे के अलावा खूंटी की अनुभवी डिफेंडर निक्की प्रधान और सिमडेगा की उभरती मिडफील्डर दीपिका सोरेंग भी भारतीय टीम का हिस्सा बनी हैं। तीनों खिलाड़ी हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी भारतीय टीम के साथ थीं। खास बात यह है कि तीनों खिलाड़ी वर्तमान में रांची रेलवे में कार्यरत हैं।
निक्की प्रधान 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुकी हैं और भारतीय महिला हॉकी टीम की सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में गिनी जाती हैं। वहीं सलीमा टेटे लगातार अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम की अगुआई कर रही हैं।
हॉकी इंडिया द्वारा घोषित टीम में गोलकीपर, डिफेंडर, मिडफील्डर और फॉरवर्ड खिलाड़ियों का संतुलित संयोजन रखा गया है। टूर्नामेंट में भारत को पूल-ए में जापान, अमेरिका और उरुग्वे के साथ रखा गया है, जबकि पूल-बी में मेजबान न्यूजीलैंड, चिली, कोरिया और फ्रांस शामिल हैं।
भारत का पूल स्टेज कार्यक्रम
15 जून – भारत बनाम अमेरिका (शाम 4:15 बजे IST)
16 जून – भारत बनाम जापान (शाम 6:30 बजे IST)
18 जून – भारत बनाम उरुग्वे (शाम 4:15 बजे IST)
टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले 20 जून और फाइनल 21 जून को खेला जाएगा।
झारखंड की तीन खिलाड़ियों के चयन पर हॉकी झारखंड और खेल विभाग के पदाधिकारियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि राज्य की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। इसका परिणाम है कि भारतीय टीम के विभिन्न आयु वर्गों में झारखंड की खिलाड़ियों की मजबूत उपस्थिति देखने को मिल रही है।
वर्तमान में जापान में चल रहे अंडर-18 एशिया कप में भी झारखंड के आठ खिलाड़ी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जबकि जूनियर भारतीय टीम के कैंप में भी राज्य की कई खिलाड़ी शामिल हैं। झारखंड में हॉकी की मजबूत परंपरा एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रही है और राज्य की बेटियां भारतीय हॉकी की नई पहचान बनकर उभर रही हैं।
















