NEET पेपर लीक के विरोध में युवा कांग्रेस का लोक भवन घेराव, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

रांची : NEET पेपर लीक मामले को लेकर युवा कांग्रेस ने मंगलवार को राजधानी रांची स्थित लोक भवन का घेराव किया। युवा कांग्रेस के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और केंद्र सरकार तथा संबंधित एजेंसियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। लोक भवन के आसपास बैरिकेडिंग कर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और प्रशासन के बीच कुछ समय के लिए नोकझोंक भी हुई। हालांकि बाद में सदर एसडीओ के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शनकारियों को निर्धारित धरना स्थल पर भेज दिया गया।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष गौरव सिंह ने आरोप लगाया कि NEET पेपर लीक प्रकरण ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस मामले में जवाबदेही तय करने में विफल रही है। गौरव सिंह ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो युवा कांग्रेस राज्यभर में भाजपा सांसदों और विधायकों के आवास का घेराव करेगी।
वहीं सदर एसडीओ ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत लोक भवन के पास बैरिकेडिंग की गई थी, लेकिन कुछ प्रदर्शनकारी गेट तक पहुंच गए थे। उन्हें सुरक्षा बलों की मदद से वहां से हटाकर निर्धारित स्थान पर भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि पूरे कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में रही।

















