20260104 201805

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर अनुष्का कुमारी की शिष्टाचार भेंट, राज्य सरकार से पूर्ण सहयोग का आश्वासन

रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राज्य की उभरती अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर एवं प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्राप्तकर्ता सुश्री अनुष्का कुमारी ने शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने अनुष्का को नए वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उनके अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में शानदार प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें सम्मानित करते हुए स्पोर्ट्स किट भेंट की।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने अनुष्का से कहा, “नया वर्ष आपके लिए बेहतरीन साबित हो। आप अपने खेल से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नया मुकाम हासिल करें और देश-राज्य का नाम रोशन करें। इसके लिए ढेर सारा आशीर्वाद।” उन्होंने अनुष्का को बेफिक्र होकर खेल पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी और राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। सरकार इन प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें उचित मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में खेल वातावरण को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

अनुष्का के गांव में विकसित होगा खेल मैदान

मुख्यमंत्री ने रांची जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि अनुष्का कुमारी के गृह गांव रुक्का (ओरमांझी प्रखंड, रांची) में एक खेल मैदान विकसित किया जाए। साथ ही, उनके परिजनों को राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि आर्थिक संकट के कारण किसी भी प्रतिभा का दबना स्वीकार्य नहीं है। खिलाड़ियों को हर हाल में आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।

गरीबी और संघर्ष के बीच बनाई अलग पहचान

अनुष्का कुमारी, जिन्हें “गोल मशीन” के नाम से जाना जाता है, रांची जिले के ओरमांझी प्रखंड के रुक्का गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता श्री दिलेश मुंडा दिव्यांग हैं और माता दिहाड़ी मजदूरी करती हैं। परिवार की आर्थिक तंगी के बावजूद फुटबॉल के प्रति जुनून ने उन्हें यहां तक पहुंचाया। वर्तमान में वह हजारीबाग के आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण ले रही हैं और इस वर्ष दसवीं की परीक्षा देंगी।

अनुष्का की प्रमुख उपलब्धियां
– 26 दिसंबर 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से नई दिल्ली में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्राप्त किया।
– मार्च 2026 में चीन में आयोजित एशियाई अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।
– पिछले वर्ष भूटान में सैफ अंडर-17 चैंपियनशिप में विजेता टीम की प्रमुख खिलाड़ी रहीं, जहां सबसे ज्यादा 7 गोल कर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुनी गईं।
– 2024 में नेपाल में अंडर-16 सैफ चैंपियनशिप में उप-विजेता टीम की सदस्य रहीं।

Share via
Share via