चटकपुर के मुखिया विक्की लोहरा सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल
रांची : रातू प्रखंड अंतर्गत चटकपुर पंचायत के मुखिया सह सामाजिक कार्यकर्ता विक्की लोहरा ने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। यह सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह के दौरान संपन्न हुआ।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद Aditya Prasad Sahu और नेता प्रतिपक्ष Babulal Marandi की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों नेताओं ने विक्की लोहरा और उनके समर्थकों को पार्टी का पट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने किया, जबकि रांची पश्चिमी जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा भरोसे का नाम है और पार्टी जो कहती है, उसे पूरा करती है। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि लोगों का विश्वास भाजपा के प्रति लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि लगातार बड़ी संख्या में युवा पार्टी से जुड़ रहे हैं और यह संगठन की मजबूती का संकेत है।
वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि देश और राज्य के विकास के लिए भाजपा ही समर्पित है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी की सदस्यता लेना विशेष महत्व रखता है और इससे संगठन को नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जनता का समर्थन भाजपा को और मजबूत बनाएगा।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद विक्की लोहरा ने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि वे पार्टी की विचारधारा और राष्ट्रसेवा के संकल्प को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे।
इस दौरान डॉ. अनुप कुमार पटेल, राकेश कुमार, संतोष शर्मा, मुन्नी देवी, सुनीता सिंह, राजीव पांडेय, गुडू राणा, जेपी यादव, राम अवतार साव, गणेश मुंडा, रंजीत ठाकुर, रंजन दास, रीना मुंडा सहित सैकड़ों लोगों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।















