झारखंड सरकार ने दिवंगत कर्मियों के परिजनों को सौंपा 1-1 करोड़ रुपये का चेक
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज झारखंड विधान सभा में एक भावपूर्ण समारोह में विभिन्न दुर्घटनाओं में दिवंगत हुए राज्य सरकार के तीन कर्मियों के परिजनों को 1-1 करोड़ रुपये की राशि का चेक सौंपा। यह राशि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की विशेष बीमा कवरेज योजना के तहत प्रदान की गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!दिवंगत कर्मियों में गुमला जिला पुलिस बल के कांस्टेबल स्व. अजीत कुमार, सरायकेला जिला पुलिस बल के आरक्षी स्व. अनिल कुमार झा और राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित जामताड़ा के शिक्षक स्व. सुशील कुमार मरांडी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा, “राज्य सरकार में सेवारत वे सभी कर्मी जो ड्यूटी के दौरान किसी दुर्घटना में अपनी जान गंवाते हैं, उनके परिजनों के साथ हमारी सरकार सदैव खड़ी है। हमारा प्रयास है कि उनके आश्रितों को ससम्मान उनका पूरा हक-अधिकार मिले। इसी कड़ी में आज तीन दिवंगत कर्मियों के परिजनों को 1-1 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई है।”
दिवंगत कर्मियों के परिजनों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और राज्य सरकार के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस राशि से उनके परिवार का भरण-पोषण और बच्चों की शिक्षा में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। परिजनों ने सरकार के इस संवेदनशील कदम को सराहनीय बताया।
इस अवसर पर मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के झारखंड हेड व महाप्रबंधक विवेक चंद्र जायसवाल, उप महाप्रबंधक (प्रशासनिक कार्यालय, रांची) मनोज कुमार और मुख्य प्रबंधक विकास कुमार पांडे सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

















