सिमडेगा पुलिस की बड़ी सफलता: पीएलएफआई के नाम पर सड़क निर्माण कंपनी से लेवी वसूली के मामले में 9 उग्रवादी गिरफ्तार
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : सिमडेगा जिले में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के नाम पर सड़क निर्माण कंपनी से लेवी मांगने और आगजनी की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 5 का सीधा संबंध पीएलएफआई से है।
एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने बताया कि जलडेगा थाना क्षेत्र के लचड़ागढ़ से ओड़गा रोड निर्माण कर रही कंस्ट्रक्शन कंपनी एसआरएमवी के अस्थाई कैंप में 25 जनवरी की रात वाहनों में आग लगाने की कोशिश की गई थी। घटनास्थल पर पीएलएफआई के नाम से लेवी मांगने वाले पोस्टर भी चिपकाए गए थे।
इसके बाद जलडेगा थाना में कांड संख्या 05/2026 के तहत उग्रवादी घटना दर्ज की गई। एसपी के निर्देश पर सडीपीओ बैजू उरांव के नेतृत्व में गहन जांच शुरू हुई। पुलिस की सतर्कता और अनुसंधान से 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में जस्टिन टोपनो उर्फ जेम्स, हेरमन टोपनो, करन लोहरा, करण लोहरा, सिद्धांत कुमार चिक बड़ाइक, दिनेश बरवा, मंगल टोपनो, आशीष मिंज और अमित कुमार शामिल है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार 9 में से 5 लोग पीएलएफआई के सक्रिय सदस्य हैं। जांच में अन्य पहलुओं की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


















