राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मथुरा के वात्सल्य ग्राम में किया भव्य दौरा: साध्वी ऋतंभरा ने किया गर्मजोशी से स्वागत
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मथुरा के वात्सल्य ग्राम में किया भव्य दौरा: साध्वी ऋतंभरा ने किया गर्मजोशी से स्वागत


मथुरा : भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज मथुरा स्थित वात्सल्य ग्राम में परम पूज्य साध्वी ऋतंभरा जी द्वारा स्थापित समविद गुरुकुलम बालिका सैनिक स्कूल एवं गोकुलम का दौरा किया। इस अवसर पर साध्वी ऋतंभरा ने अत्यंत गर्मजोशी और मातृभाव से उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में राष्ट्रपति के पहुंचते ही साध्वी ऋतंभरा ने उन्हें हृदय से अभिवादन किया। परमशक्ति पीठ के राष्ट्रीय सचिव संजय गुप्ता एवं शिक्षा निर्देशक सुमन लता ने स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। सैनिक स्कूल की छात्राओं ने शानदार मार्च पास्ट करते हुए राष्ट्रपति को कार्यक्रम स्थल तक ले जाकर उनका स्वागत किया।
इसके बाद राष्ट्रपति गोकुलम पहुंचीं, जहां उन्होंने यशोदा माताओं, बच्चों तथा बेटी-दामादों से मिलकर उनके जीवन और कार्यों के बारे में जाना। साध्वी ऋतंभरा जी के मातृत्वपूर्ण कार्य की सराहना करते हुए राष्ट्रपति ने हर्ष व्यक्त किया। सिया परमानन्द ने वेद मंत्रों से उनका स्वागत किया।
राष्ट्रपति ने गोकुलम की गुफा में विराजमान सिंदूर से निर्मित माँ सर्वमंगला के विग्रह के दर्शन किए और पूजन-अर्चन किया। यात्रा के दौरान वे गोल्फ कार्ट में साध्वी ऋतंभरा जी के साथ भ्रमण पर रहीं। भ्रमण के समय कृष्णा ब्रह्मरतन विद्या मंदिर एवं वैशिष्टम के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भव्य स्वागत किया।
वात्सल्य ग्राम के निवासियों ने स्थान-स्थान पर श्लोकन पट्टिकाएं, तिरंगा एवं भगवा ध्वज लहराकर राष्ट्रपति का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर संजय गुप्ता, सुमन लता, साध्वी शिरोमणि, स्वामी सत्यशील सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों का विशेष सानिध्य रहा।


















