रांची पुलिस ने सरहुल और ईद के मद्देनजर फ्लैग मार्च निकाला, शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने की तैयारी पूरी
रांची : आगामी प्रमुख पर्व सरहुल और ईद-उल-फित्र को ध्यान में रखते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने और शहरवासियों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से रांची पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। रांची एसएसपी के निर्देश पर आयोजित इस फ्लैग मार्च में अल्बर्ट एक्का चौक से सुजाता चौक तक पुलिस बल की टुकड़ियां मार्च करती हुई दिखीं। मुख्य उद्देश्य पर्वों के दौरान शांति, सौहार्द और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना, आमजन में विश्वास की बहाली करना तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करना था।
फ्लैग मार्च के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों, जुलूस के संभावित रूट्स और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की सूक्ष्म समीक्षा ड्रोन।की मदद से की गई। साथ ही, प्रतिनियुक्त पुलिस बल को विस्तृत ब्रीफिंग दी गई ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने में कोई चूक न हो।
इस महत्वपूर्ण अभियान में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात, अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक नगर, पुलिस उपाधीक्षक कोतवाली, स्थानीय थाना प्रभारी एवं अन्य वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे।
रांची पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक तत्वों या शांति भंग करने वाली हरकत की तुरंत सूचना नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस नियंत्रण कक्ष में दें। आपकी सतर्कता ही शांति और सुरक्षा का सबसे बड़ा हथियार है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सरहुल और ईद जैसे पावन पर्वों को सभी समुदाय मिलजुलकर हर्षोल्लास के साथ मनाएं, और प्रशासन हर कदम पर आपके साथ है।

















