झारखंड नगर निकाय चुनाव को लेकर JMM ने किया बड़ा दावा: 50% सीटों पर जीत की उम्मीद, BJP पर साधा निशाना
रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने प्रेस वार्ता कर नगर निकाय चुनाव में पार्टी की मजबूत स्थिति का दावा किया है। उन्होंने कहा कि भले ही ये चुनाव दलगत आधार पर नहीं हो रहे हों, लेकिन सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपने समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में खुलकर सक्रिय हैं। इस बार शहरी क्षेत्रों में वोटिंग को लेकर बीजेपी का पुराना मिथक टूटने जा रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!JMM ने 50 प्रतिशत सीटों पर जीत का लक्ष्य रखा है, खासकर मेयर और अध्यक्ष पदों पर। भट्टाचार्य ने कहा, “इस बार नगर निकाय चुनाव में हमारी पार्टी मेयर और अध्यक्ष पद की कम से कम 50 प्रतिशत सीटों पर विजय हासिल करेगी। जनता का भरोसा हमारे साथ है और विकास के मुद्दे हमारी ताकत हैं।”
प्रेस वार्ता में JMM ने नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी को निशाने पर लिया। भट्टाचार्य ने गिरिडीह में मरांडी की मौजूदगी पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद भी वे गिरिडीह में थे। “रात 8 बजे होटल में 200 लोगों के साथ मटन भात का भोज हुआ और खुलेआम पैसे बांटे जा रहे थे। गिरिडीह के निवासी नहीं होने के बावजूद वे वहां क्यों ठहरे रहे? यह सवाल गंभीर है।”
उन्होंने पलामू में बीजेपी समर्थित प्रत्याशी के विज्ञापन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी अब न सिर्फ धर्म की, बल्कि जाति की राजनीति में भी उतर गई है।
भट्टाचार्य ने बीजेपी द्वारा चुनाव को लेकर जताई जा रही आशंकाओं पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर इतनी ही चिंता है तो चुनाव की पूरी प्रक्रिया सेना के हवाले कर देनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि JMM चुनाव में पारदर्शिता और निष्पक्षता के पक्ष में है, जबकि विपक्षी दल अफवाहें फैला रहे हैं।

















