Jharkhand Police on Alert for Bakrid

बकरीद पर झारखण्ड पुलिस अलर्ट: DGP तदाशा मिश्र ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की, दंगाइयों और अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी विशेष नज़र

Share
Link copied

Jharkhand Police on Alert for Bakrid

रांची: बकरीद  के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए झारखण्ड पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। आज दिनांक 25 मई  यानी आज पुलिस मुख्यालय सभागार में पुलिस महानिदेशक (DGP) तदाशा मिश्र ने राज्य के सभी जिलों के वरीय अधिकारियों के साथ सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की गहन समीक्षा बैठक की।

सोशल मीडिया और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर

बैठक के दौरान DGP ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर विशेष निगरानी रखी जाए। किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर या अफवाह फैलने की स्थिति में उसका तत्काल सत्यापन कर दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही, डीजे या साउंड सिस्टम के माध्यम से उत्तेजक गानों के प्रसारण पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी

सुरक्षा के कड़े इंतजामों पर जोर देते हुए DGP ने कहा कि राज्य के सभी संवेदनशील स्थानों और हॉट स्पॉट्स को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएं। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और वीडियोग्राफी का भरपूर उपयोग किया जाएगा। जिन जिलों में पूर्व में सांप्रदायिक घटनाएं हुई हैं, वहां विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रमुख निर्देश जो बैठक में दिए गए:

दंगारोधी तैयारी: जिलों में दंगारोधी उपकरणों, वाटर केनन और दंगारोधी वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

शांति समिति की बैठक: थाना और जिला स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित कर आम नागरिकों से संवाद स्थापित करें।

असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई: उपद्रवियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई (Preventive Action) शुरू करें।

अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट: अंतर्राज्यीय सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए और प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।

लंबित वारंट: लंबित वारंट और कुर्की के मामलों का त्वरित निष्पादन करें।

बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक (अभियान) टी० कंदसामी, विशेष शाखा के आईजी प्रभात कुमार, बोकारो के प्रक्षेत्रीय आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा समेत राज्य के सभी जिलों के एसपी और एसएसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।