रांची में मतदान के दौरान बूथ पर हुई मारपीट, पुलिस ने शांत किया माहौल
रांची में मतदान के दौरान बूथ पर हुई मारपीट, पुलिस ने शांत किया माहौल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रांची : रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में स्थित ईदसिरिया तंजीम स्कूल मतदान केंद्र पर आज दो अलग-अलग प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच जोरदार मारपीट की घटना सामने आई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लात-घूंसे चलने लगे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूत्रों के अनुसार, एक पक्ष द्वारा वोटरों को बरगलाने या प्रभावित करने के विरोध में दूसरे पक्ष ने हंगामा शुरू किया। जल्द ही भीड़ इकट्ठी हो गई और मामला हाथापाई में बदल गया।
घटना बूथ के बाहर हुई, जिससे मतदान प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ा, लेकिन इलाके में तनाव का माहौल बन गया।सूचना मिलते ही हिंदपीढ़ी थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मारपीट की घटना बूथ परिसर के बाहर हुई है और अब माहौल पूरी तरह शांत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत या आवेदन नहीं दिया गया है। यदि कोई लिखित शिकायत मिलती है, तो आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से मताधिकार का प्रयोग करें और किसी भी प्रकार की उकसावे या विवाद में न पड़ें। चुनावी बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।यह घटना मतदान के दौरान स्थानीय स्तर पर प्रत्याशियों के बीच तनाव और प्रतिस्पर्धा को दर्शाती है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखने का आश्वासन दिया है।

















