राजद झारखंड राज्य कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक में लिए गए 5 बड़े फैसले: 5 अप्रैल को तेजस्वी यादव का रांची दौरा तय!
रांची : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की झारखंड इकाई ने अपनी राज्य कार्यकारिणी की अहम बैठक प्रदेश कार्यालय में आयोजित की, जिसमें संगठन मजबूती, आगामी कार्यक्रमों और तेजस्वी यादव के रांची दौरे पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश राजद अध्यक्ष एवं विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक में श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, विधायक दल नेता सुरेश पासवान, विधायक नरेश सिंह, पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता, पूर्व विधायक गौतम सागर राणा, कोडरमा के पूर्व प्रत्याशी सुभाष प्रसाद यादव, प्रवक्ता कैलाश यादव, डॉ. मनोज, अनीता यादव, श्रीराम यादव, मकबूल अंसारी, मनोज पांडेय, सुनील साहू, प्रणय बबलू, तारापद महतो, कमाल खां और जनार्दन कुमार सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। बैठक का संचालन युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष रंजन यादव ने किया। इस दौरान राज्य के सभी पदाधिकारी, 24 जिला अध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष तथा प्रकोष्ठ अध्यक्ष मौजूद रहे।
प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव ने बताया कि बैठक अत्यंत महत्वपूर्ण रही, जिसमें 5 अहम फैसले सर्वसम्मति से लिए गए
1. तेजस्वी यादव का जोरदार स्वागत : 5 अप्रैल 2026 को राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव का रांची दौरा सुनिश्चित हुआ है। पार्टी की ओर से उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। पूरे शहर में होर्डिंग, झंडे, बैनर और सैकड़ों तोरणद्वार लगाए जाएंगे।
2. SIR (Special Intensive Revision) पर सतर्कता : पार्टी के ब्लॉक लेवल एजेंट (BLA) सूची तैयार करने के लिए जिला, प्रखंड एवं पंचायत अध्यक्षों को सचेत एवं जागरूक किया जाएगा।
3. जातीय जनगणना की मांग तेज : राज्य में जातीय जनगणना जल्द लागू करने की मांग को और तेज किया जाएगा।
4. लालू-तेजस्वी रथ यात्रा : राज्य के सभी 24 जिलों में पंचायत स्तर तक लालू-तेजस्वी रथ घुमाया जाएगा, जिसमें पार्टी के रणनीतिक पूर्वजों को याद किया जाएगा और जनसंपर्क बढ़ाया जाएगा।
5. मासिक जिलावार सम्मेलन : संगठन की जमीनी स्तर पर मजबूती के लिए हर महीने जिलावार सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
तेजस्वी यादव रांची दौरे के दौरान प्रदेश, जिला, महानगर एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं से मिलकर संगठन की जमीनी स्थिति पर वार्ता करेंगे और पार्टी को मजबूत करने की रणनीति बनाएंगे। तेजस्वी यादव के रांची आगमन की तैयारियों के लिए 17 मार्च को विधायक सुरेश पासवान के सरकारी आवास पर राजद कोर कमिटी की बैठक होगी।

















