लोकहित अधिकार पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार साहू ने 500 समर्थकों के साथ थामा राजद का दामन
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के झारखंड प्रदेश कार्यालय में आज एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम में लोकहित अधिकार पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार साहू ने अपने 500 समर्थकों के साथ राजद की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर आयोजित सभा की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने की, जिसमें राजद के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया।
इस मौके पर झारखंड के प्रभारी जयप्रकाश नारायण यादव, राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव, बिहार राजद के प्रधान महासचिव रणविजय साहू, श्रम नियोजन एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, सत्यानंद भोक्ता, गौतम सागर राणा, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष रंजन यादव, मंजू साह, कमलेश यादव, डॉ. मनोज, मनोज पांडे सहित अन्य नेता उपस्थित थे।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार न केवल पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ है, बल्कि उन राज्यों को भी निशाना बना रही है जहां उनकी सरकार नहीं है। उन्होंने ऐसी सरकार को तत्काल हटाने की जरूरत पर बल दिया।
जयप्रकाश नारायण यादव ने बिहार में डबल इंजन सरकार की विफलताओं का जिक्र करते हुए कहा कि जनता त्राहिमाम कर रही है। वहीं, भोला यादव ने तेली समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव ने वंचित और पिछड़े समाज को सशक्त बनाने का ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने मनुवादी सोच की आलोचना की, जिसने तेली समाज को हाशिए पर रखा था।
श्रम नियोजन एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि लालू प्रसाद यादव की विचारधारा पर चलकर ही झारखंड का विकास संभव है। बिहार राजद के रणविजय साहू ने सुनील कुमार साहू की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में साहू समाज झारखंड में राजद को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि राजद ही एकमात्र ऐसा मंच है जहां पिछड़ों, दलितों और गरीबों को सम्मान मिलता है।
पूर्व मंत्रियों सत्यानंद भोक्ता और सुरेश पासवान ने लालू यादव की विचारधारा को नमन करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से आज वंचित वर्गों की आवाज संसद तक पहुंच रही है। मंजू साह और रंजन यादव ने भी लालू यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।
सुनील कुमार साहू ने कहा कि लालू प्रसाद यादव की विचारधारा और सामाजिक न्याय के प्रति उनके समर्पण से प्रभावित होकर उन्होंने राजद में शामिल होने का फैसला किया। उन्होंने साहू समाज को एकजुट करने और राजद को मजबूत करने का संकल्प लिया।


















