20250821 211326

झामुमो ने की मांग: शिबू सोरेन को भारत रत्न देने का प्रस्ताव विधानसभा से पारित कर केंद्र को भेजे सरकार

रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने मांग की है कि झारखंड विधानसभा के आगामी पूरक मानसून सत्र (22 से 28 अगस्त) में स्मृति-शेष दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भारत रत्न देने का प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाए। उन्होंने इस सत्र को ऐतिहासिक बनाने की अपील सत्ताधारी दल से की है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

विनोद पांडेय ने कहा कि 22 अगस्त को अनुपूरक बजट और दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि के दौरान तथा 26 अगस्त को अतिवृष्टि और किसान समस्याओं पर चर्चा के बीच, सत्ताधारी दल को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि शिबू सोरेन के सम्मान में सदन की एकजुट आवाज दिल्ली तक पहुंचे।

उन्होंने शिबू सोरेन के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि गुरुजी का जीवन त्याग, संघर्ष और सेवा का प्रतीक रहा। नशाखोरी और महाजनी प्रथा के खिलाफ जनांदोलन, आदिवासी समाज को शिक्षा और चेतना से जोड़ने, और झारखंड अलग राज्य आंदोलन को सफल बनाने में उनका योगदान अतुलनीय है। विनोद पांडेय ने जोर देकर कहा कि केंद्र सरकार को स्वतः इस दिशा में पहल कर गुरुजी को भारत रत्न देना चाहिए। उन्होंने भाजपा सांसदों और विधायकों से भी इस मुद्दे पर समर्थन की अपील की, क्योंकि शिबू सोरेन एक सर्वमान्य नेता और सामाजिक न्याय के योद्धा थे।

विनोद पांडेय ने आगे कहा कि शिबू सोरेन को भारत रत्न देने का प्रस्ताव अगर झारखंड विधानसभा से पारित होकर केंद्र तक पहुंचता है, तो यह न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के लोकतांत्रिक और सामाजिक मूल्यों को गौरवान्वित करेगा। उन्होंने सत्ताधारी दल से इस प्रस्ताव को प्राथमिकता के साथ सदन में लाने और पारित कराने का आग्रह किया।

Share via
Share via