विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस: सिमडेगा में जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने आयोजित किया जागरूकता शिविर
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सिमडेगा द्वारा एस एस प्लस टू विद्यालय में एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों को वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि प्रधान जिला जज सह प्राधिकार अध्यक्ष राजीव कुमार सिन्हा, विशिष्ट अतिथि स्थाई लोक अदालत के अध्यक्ष रमेश कुमार श्रीवास्तव, प्राधिकार सचिव मरियम हेमरोम, चीफ एलएडीसीएस प्रभात कुमार श्रीवास्तव, डिप्टी एलएडीसीएस ब्रिखभान अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया।
अपने संबोधन में प्रधान जिला जज राजीव कुमार सिन्हा ने कहा, “वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से समाज को दिशा मिलती है। हमें उनके प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना होगा।” उन्होंने आगे कहा कि यह दिवस वरिष्ठ नागरिकों के योगदान को सम्मान देने और युवा पीढ़ी को उनके प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का एहसास कराने का अवसर है। उन्होंने स्कूली बच्चों से आह्वान किया कि वे अपने परिवार और समाज के बुजुर्गों का सम्मान करें और उन्हें अकेलेपन का एहसास न होने दें।
प्राधिकार सचिव मरियम हेमरोम ने कहा, “बुजुर्गों को सम्मान देना आज से ही शुरू करें, तभी इस शिविर का उद्देश्य सार्थक होगा।” उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं जैसे वृद्धावस्था पेंशन योजना, आयुष्मान भारत योजना और अन्य रियायतों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
चीफ एलएडीसीएस प्रभात कुमार श्रीवास्तव और डिप्टी एलएडीसीएस ब्रिखभान अग्रवाल ने भी वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं और योजनाओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सत्यजीत कुमार ने किया। इस अवसर पर पीएलवी, शिक्षक और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित थे।

















