देवघर : शिवगंगा मेले में रंगदारी का आतंक! जमशेदपुर तक पहुंची देवघर पुलिस, तीन गिरफ्तार
पिस्टल-कारतूस और CCTV-DVR बरामद; दुकानदारों को हथियार दिखाकर धमकाने और रंगदारी वसूलने का आरोप
देवघर। शिवगंगा क्षेत्र में आयोजित भादो मेले के दौरान अस्थायी दुकानदारों और व्यवसायियों से कथित रंगदारी वसूली, मारपीट, छिनतई और हथियार के बल पर धमकाने के मामले में देवघर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जमशेदपुर में छापेमारी कर गौरव झा और निहाल मिश्रा को गिरफ्तार किया, जबकि तीसरे आरोपी विक्रम कुमार चौसिया को उसके घर से दबोचा गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, CCTV कैमरा और DVR बरामद किया गया है।

दुकानदारों से रंगदारी मांगने का आरोप
पुलिस को भादो मेले के दौरान दुकानदारों और व्यवसायियों से मारपीट, छिनतई और रंगदारी मांगने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। आरोप है कि रंगदारी नहीं देने पर दुकानदारों और अन्य लोगों को हथियार दिखाकर धमकाया जाता था।
जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरे और DVR को जबरन ले जाने की बात भी सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए देवघर के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।

जमशेदपुर के सरकारी क्वार्टर में छिपे थे आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मामले के नामजद आरोपी जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित एक सरकारी क्वार्टर में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर देवघर पुलिस की टीम ने साकची थाना पुलिस के सहयोग से वहां छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान गौरव झा और निहाल मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर शिवगंगा क्षेत्र के श्मशान घाट की झाड़ियों में हथियार छिपाए जाने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर झाड़ियों से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए।

तीसरे आरोपी के घर से CCTV और DVR बरामद
मामले में गठित दूसरी टीम ने आरोपी विक्रम कुमार चौसिया को उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, उसकी निशानदेही पर उसके घर से CCTV कैमरा और DVR बरामद किया गया है।
कई आपराधिक मामलों में नाम
देवघर पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी एक संगठित आपराधिक गिरोह के सक्रिय सदस्य बताए जाते हैं। उन पर हथियार का भय दिखाकर दुकानदारों और राहगीरों को धमकाने तथा भादो मेले के अस्थायी दुकानदारों से रंगदारी मांगने के आरोप हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गौरव झा और निहाल मिश्रा को कुंडा थाना कांड संख्या 110/23 में आजीवन कारावास की सजा भी हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों के खिलाफ देवघर नगर थाना और कुंडा थाना में कई मामले दर्ज हैं। इनमें मारपीट, रंगदारी, आपराधिक धमकी और हत्या से संबंधित धाराएं शामिल हैं।

गोड्डा में आरटीआई कार्यकर्ता की पहचान की आड़ में चल रही थी मिनी गन फैक्ट्री, तीन गिरफ्तार
गोड्डा: महागामा थाना क्षेत्र के घाट बलिया गांव में सामने आई अवैध मिनी गन फैक्ट्री की जांच में पुलिस को कई अहम…

आरक्षण के सवाल पर बोकारो में शक्ति प्रदर्शन, संयुक्त फोरम ने निकाली महारैली
बोकारो: आरक्षण, संविधान और सामाजिक प्रतिनिधित्व के मुद्दे पर रविवार को बोकारो में संयुक्त अनुसूचित जाति-जनजाति, ओबीसी एवं माइनोरिटी फोरम (संयुक्त फोरम)…

निजाम हत्याकांड की साजिश का पुलिस ने किया खुलासा, दो गिरफ्तार
जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र में मो. निजाम की हत्या की कथित साजिश का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार…


















