सिनेमा हॉल में मारपीट कर रंगदारी मांगने वाला कुख्यात अपराधी समेत चार गिरफ्तार, दो पिस्टल और छह कारतूस बरामद
गोविंद पाठक | देवघर
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!देवघर नगर थाना क्षेत्र स्थित सिनेमा हॉल में मारपीट कर रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी विकास पलिवार उर्फ भाखड़ बोस समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो पिस्टल, छह जिंदा कारतूस और एक ब्लैक स्कॉर्पियो बरामद की है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ 40 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर की रात अमरनाथ केशरी अपने बेटे और परिवार के साथ विजय आइलेक्स में फिल्म देखने पहुंचे थे। फिल्म के मध्यांतर के दौरान विकास पलिवार उर्फ भाखड़ बोस अपने तीन साथियों के साथ सिनेमा हॉल पहुंचा। आरोप है कि वहां अमरनाथ केशरी के बेटे के साथ मारपीट की गई और रंगदारी की मांग की गई।
घटना के संबंध में अमरनाथ केशरी के लिखित आवेदन पर नगर थाना कांड संख्या 357/26, दिनांक 12 सितंबर 2026 दर्ज किया गया।
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सदर कुलदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने संदिग्धों से पूछताछ के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू की।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को करीब तीन बजे एसपी को सूचना मिली कि मामले में वांछित आरोपी अपने साथियों और हथियारों के साथ एक ब्लैक स्कॉर्पियो में सदर अस्पताल क्षेत्र में घूम रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सदर अस्पताल के समीप हरिशरणम कुटिया के पीछे घेराबंदी की और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

किसके पास से क्या मिला?
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिषभ राज उर्फ रिषभ केशरी, विकास पलिवार उर्फ भाखड़ बोस, सौरभ श्रृंगारी और प्रशांत कुमार झा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान—
– विकास पलिवार के पास से एक पिस्टल
– रिषभ राज के पास से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस
– सौरभ श्रृंगारी के पास से दो जिंदा कारतूस
– प्रशांत कुमार झा के पास से दो जिंदा कारतूस
बरामद किए गए। मौके से जेएच-15-एआर-2703 नंबर की ब्लैक स्कॉर्पियो भी जब्त की गई।
गिरोह के अन्य सदस्य भी पुलिस के रडार पर
पुलिस के अनुसार पूछताछ और जांच में गिरोह से जुड़े अनुभव नरौने उर्फ सोनू नरौने, छोटू श्रृंगारी, आस्तिक पलिवार और मोनू पंडित के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस इनके कथित आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्य हथियार का भय दिखाकर दुकानदारों से कथित तौर पर छिनतई और रंगदारी वसूलने, राहगीरों को धमकाने तथा रंगदारी के बल पर जमीन पर कब्जा करने जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 358/26, दिनांक 13 सितंबर 2026 के तहत बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी टीम
कार्रवाई में एसडीपीओ सदर कुलदीप कुमार, नगर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक रवि ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक मिथलेश कुमार, सूरज कुमार, सुमन्त प्रसाद, राजू रजवार, अरविंद कुमार समेत नगर थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे।

















