कुरडेग सड़क निर्माण को लेकर भाजपा की पदयात्रा पर झामुमो का निशाना, बताया राजनीतिक स्टंट

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: सिमडेगा शहर से कुरडेग होते हुए छत्तीसगढ़ सीमा स्थित कुटमाकछार तक करीब 67 किलोमीटर जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर भाजपा की ओर से निकाली जा रही पदयात्रा पर झामुमो ने निशाना साधा है। झामुमो ने इसे राजनीतिक स्टंट करार देते हुए कहा कि सड़क के सुदृढ़ीकरण की टेंडर प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है। ऐसे में भाजपा इस मुद्दे को अनावश्यक रूप से राजनीतिक रंग दे रही है।

सिमडेगा परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता में झामुमो जिलाध्यक्ष अनिल कुंडलना ने कहा कि सिमडेगा-कुरडेग-कुटमाकछार सड़क के सुदृढ़ीकरण की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जिला सचिव सफीक खान ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए करीब 32 करोड़ रुपये की राशि प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद संवेदक द्वारा निर्माण कार्य शुरू किए जाने की उम्मीद है।
झामुमो नेताओं ने कहा कि जब सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है और जल्द ही काम शुरू होने वाला है, तो भाजपा द्वारा इसी सड़क के निर्माण की मांग को लेकर पदयात्रा करना महज राजनीतिक विरोध है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जनता के सामने रखने के बजाय इसे राजनीतिक मुद्दा बनाकर राज्य सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रही है।

झामुमो नेताओं ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि यदि पार्टी जिले की सड़कों की बदहाली को लेकर वास्तव में गंभीर है, तो उसे एनएच-143 की जर्जर स्थिति के खिलाफ भी आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि एनएच-143 लंबे समय से खराब स्थिति में है, जिसके कारण आम लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
झामुमो नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार सड़क निर्माण को लेकर गंभीर है और विभागीय प्रक्रिया के तहत कार्य आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भाजपा से विकास कार्यों को राजनीतिक विवाद का विषय न बनाने की अपील की। प्रेस वार्ता में जिला उपाध्यक्ष अनिल तिर्की, ऑस्कर डांग, मो. सेराजुद्दीन, जिला कोषाध्यक्ष राजेश टोप्पो, मो. शहीद, बीरबल महतो और फिरोज कोंगाड़ी मौजूद थे।
















