जेपीएससी-सीजीएल अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के विरोध में आजसू ने फूंका झारखंड सरकार का पुतला

रांची: जेपीएससी-सीजीएल आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में आजसू पार्टी की रांची जिला इकाई ने रविवार को राजधानी में विरोध प्रदर्शन किया। राजव्यापी पुतला दहन कार्यक्रम के तहत आजसू कार्यकर्ताओं ने अल्बर्ट एक्का चौक पर झारखंड सरकार का पुतला दहन किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुतला दहन कार्यक्रम की शुरुआत निर्मल महतो चौक से हुई। यहां से युवा आजसू के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मार्च करते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज की घटना का विरोध किया।

कार्यक्रम में युवा आजसू जिला इकाई के पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत छात्र पुतला दहन कर रहे थे। इस दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया जाना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
आजसू नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन के विरोध में पार्टी ने झारखंड सरकार का पुतला दहन किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि छात्रों और अभ्यर्थियों के मुद्दों को लेकर आजसू का विरोध आगे भी जारी रहेगा।
















