SIR कर्मी बनकर फ्लैट में घुसे बदमाश, महिला को बंधक बनाकर लूटा सोना; चार गिरफ्तार
अश्वनी पाठक | जमशेदपुर
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में SIR कर्मी बनकर महिला के फ्लैट में घुसकर बंधक बनाने और सोने के आभूषण लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश बहादुर उर्फ राकू, अभिषेक कुमार दास, तबस्सुम खातून और समरेश पॉल उर्फ नान्टु पॉल के रूप में हुई है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 20 ग्राम सोना बरामद किया है।
31 अगस्त को हुई थी वारदात
मामला मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर 15 स्थित श्रीकृष्णा एलेक्स का है। पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को आरोपी SIR कर्मी बनकर महिला लावती अम्मा के फ्लैट में पहुंचे। फ्लैट में प्रवेश करने के बाद बदमाशों ने महिला को बंधक बना लिया और उनके शरीर पर पहने सोने के आभूषण लूट लिए।
पीड़िता की शिकायत पर 2 सितंबर को मानगो थाना कांड संख्या 186/2026 दर्ज किया गया।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
रविवार को सीटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गई थी। पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी और सहायक पुलिस अधीक्षक मुख्यालय-1 ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, CCTV फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
कई दिनों से महिला की रेकी कर रहे थे बदमाश
पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात से पहले आरोपियों ने महिला की गतिविधियों की कई दिनों तक रेकी की थी। इसके बाद मौका देखकर SIR कर्मी का रूप धारण कर फ्लैट में प्रवेश किया और महिला को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, लूटे गए सोने के आभूषणों को आरोपियों ने गलाकर चपटा गोलाकार रूप दे दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर इसी रूप में करीब 20 ग्राम सोना बरामद किया है।
राकेश पर पहले से कई मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राकेश बहादुर उर्फ राकू का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बागबेड़ा और जुगसलाई थानों में लूट, डकैती की तैयारी, अवैध हथियार और रंगदारी समेत कई मामले दर्ज हैं।
वहीं, समरेश पॉल उर्फ नान्टु पॉल के खिलाफ परसुडीह थाना में लूट का मामला दर्ज है। अभिषेक कुमार दास के खिलाफ सिदगोड़ा थाना में भी मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच का अगला फोकस लूट की साजिश में शामिल अन्य लोगों और आरोपियों की भूमिका का पता लगाने पर है।

















