JPSC-JSSC विवाद: छात्रों की मांगों पर आज फिर सरकार से बातचीत, जल्द फैसले की उम्मीद

रांची। झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच सरकार और अभ्यर्थियों के बीच बातचीत का दौर जारी है। शुक्रवार को हुई वार्ता के बाद अब शनिवार को एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने बैठेंगे। सरकार की ओर से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार किए जाने के संकेत मिले हैं, जिससे किसी ठोस समाधान की उम्मीद बढ़ी है।

जानकारी के अनुसार, ‘JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच’ का आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शनिवार सुबह मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में सरकार के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगा। बैठक में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, अभ्यर्थियों की विभिन्न मांगों और भर्ती व्यवस्था में सुधार जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

पिछली वार्ता को छात्रों ने बताया था सकारात्मक
इससे पहले शुक्रवार रात स्टेट गेस्ट हाउस में सरकार और छात्रों के प्रतिनिधिमंडल के बीच करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत हुई थी। बैठक के बाद छात्र प्रतिनिधियों ने वार्ता को सकारात्मक बताया, हालांकि मांगों पर अंतिम निर्णय नहीं होने के कारण आंदोलन जारी रखने की बात कही थी।

आज की बैठक पर टिकी नजर
शनिवार की प्रस्तावित वार्ता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। छात्रों को उम्मीद है कि सरकार उनकी मांगों पर ठोस पहल करेगी। वहीं, सरकार की ओर से भी बातचीत के जरिए गतिरोध समाप्त करने की कोशिश जारी है।

बताया जा रहा है कि सुबह 10 बजे के आसपास वार्ता शुरू होने की तैयारी है, जबकि 11 बजे फिर बातचीत होने की संभावना जताई जा रही है। अब सबकी नजर इस बैठक के नतीजे पर है कि सरकार और छात्रों के बीच सहमति बनती है या आंदोलन आगे भी जारी रहता है।




















