पीएम मोदी के 12 साल पूरे होने पर भारत मंडपम में एनडीए की अहम बैठक आज, 22 राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र की सत्ता में 12 वर्ष पूरे होने और देश के सबसे लंबे समय तक लगातार कार्यकाल पूरा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के अवसर पर बुधवार को राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक दोपहर 3 बजे शुरू होगी, जिसकी अध्यक्षता स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक में एनडीए शासित 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री तथा गठबंधन के वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। इस दौरान केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, सुशासन, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर चर्चा होने की संभावना है।
बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह समेत केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहेंगे। वहीं राज्यों की ओर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित कई प्रमुख चेहरे शामिल होंगे।
इसके अलावा आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू समेत एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं के भी बैठक में शामिल होने की उम्मीद है। राजनीतिक गलियारों में इस बैठक को आगामी चुनावी रणनीति और केंद्र-राज्य समन्वय के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस बैठक को एनडीए की शक्ति प्रदर्शन और भविष्य की रणनीति तय करने वाले मंच के रूप में भी देखा जा रहा है। बैठक में विभिन्न राज्यों में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने पर भी चर्चा होने की संभावना है।
बैठक पर देशभर की राजनीतिक निगाहें टिकी हुई हैं, क्योंकि इससे एनडीए की आगामी रणनीति और राजनीतिक दिशा को लेकर महत्वपूर्ण संकेत मिल सकते हैं।
















