चोरी का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, कई वारदातों का किया खुलासा
खूंटी : खूंटी पुलिस ने हाल के दिनों में हुई चोरी की घटनाओं का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में अहम सफलता हासिल की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्राप्त जानकारी के अनुसार, 07-08 अप्रैल 2026 की रात खूंटी थाना क्षेत्र के कचहरी के पास स्थित दुकानों में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर करीब 2100 रुपये नकद, दो MZ कंपनी के ब्लूटूथ स्पीकर और एक हथौड़ी की चोरी कर ली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
जांच के दौरान गठित टीम ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने न सिर्फ इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, बल्कि हाल के अन्य चोरी के मामलों में भी शामिल होने की बात कबूली।
आरोपियों ने 21 फरवरी 2026 को तमाड़ रोड स्थित पुराने बस स्टैंड के पास एक विदेशी शराब दुकान से 1,83,400 रुपये की चोरी तथा 08 मार्च 2026 को डाक बंगला रोड स्थित अधिवक्ता प्रदीप कुमार गौंझू के घर से 65,000 रुपये की चोरी की घटनाओं में भी अपनी भूमिका स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए सामानों को बरामद कर विधिवत जप्ती सूची तैयार करते हुए जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
















