Major breakthrough in the high-profile Ashok Nagar (Ranchi) theft case: the perpetrators arrived in a luxury vehicle worth ₹80 lakh and stayed at a hotel using fake Aadhaar cards.

रांची के अशोक नगर हाई-प्रोफाइल चोरी केस में बड़ा खुलासा, लग्ज़री गाड़ी से पहुंचे थे बदमाश; फर्जी आधार पर होटल में ठहरे

Share
Link copied
Major breakthrough in the high-profile Ashok Nagar (Ranchi) theft case: the perpetrators arrived in a luxury vehicle worth ₹80 lakh and stayed at a hotel using fake Aadhaar cards.
Major breakthrough in the high-profile Ashok Nagar (Ranchi) theft case: the perpetrators arrived in a luxury vehicle worth ₹80 lakh and stayed at a hotel using fake Aadhaar cards.

रांची: राजधानी रांची के पॉश इलाके अशोक नगर में हुई हाई-प्रोफाइल चोरी की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपी लग्ज़री गाड़ी से 8 जुलाई की दोपहर रांची पहुंचे थे। कार पर उत्तर प्रदेश का नंबर प्लेट लगा था। दोनों ने जगन्नाथपुर स्थित होटल पार्क रिट्रीट में फर्जी पहचान के सहारे कमरा लिया और कई बार बाहर निकलकर इलाके की रेकी की।

पुलिस जांच के अनुसार, होटल में ठहरने के दौरान आरोपियों ने जिस आधार कार्ड का इस्तेमाल किया था, शुरुआती जांच में वह आधार कार्ड भी फर्जी होने की आशंका जताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से यह भी पता चला है कि घटना के बाद आरोपी रांची छोड़ चुके हैं।

पहले चोरी, फिर दूसरी वारदात की कोशिश

जांच में सामने आया है कि रेकी पूरी करने के बाद बुधवार देर रात एक आरोपी अशोक नगर रोड नंबर-4बी स्थित बिल्डर अखिलेश पांडेय के घर में घुसा, जबकि दूसरा बाहर निगरानी करता रहा। यहां लाखों रुपये की नकदी और करोड़ों के जेवर लेकर आरोपी फरार हो गए। इसके बाद बदमाशों ने बिल्डर निशित केसरी के घर में भी घुसने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद अंगरक्षक की फायरिंग के बाद उन्हें भागना पड़ा। वारदात के बाद दोनों आरोपी वापस होटल पार्क रिट्रीट पहुंचे और रात वहीं बिताई। गुरुवार सुबह होटल छोड़कर फरार हो गए।

तीसरे साथी की भी तलाश

पुलिस को जांच में यह भी जानकारी मिली है कि इस गिरोह का एक तीसरा सदस्य भी दूसरी कार से रांची आया था। वह होटल में नहीं रुका, बल्कि आसपास रहकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। अब पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है।

एसआईटी करेगी पूरे मामले की जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी पारस राणा ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। टीम का नेतृत्व कोतवाली एएसपी निखिल राय करेंगे। एसआईटी में कोतवाली, धुर्वा, जगन्नाथपुर और पुंदाग ओपी के थाना प्रभारी शामिल किए गए हैं।

RKDF
Adv

98 लाख से अधिक की चोरी, हत्या की नीयत से घुसने का आरोप

अरगोड़ा थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, बिल्डर अखिलेश पांडेय के घर से करीब 8 लाख रुपये नकद और लगभग 90 लाख रुपये के सोने, हीरे, रुबी व चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं। शिकायतकर्ता आशुतोष पांडेय ने आरोप लगाया है कि अज्ञात व्यक्ति उनके पिता पर जानलेवा हमला करने की नीयत से घर में घुसा था। जब वह नहीं मिले तो आरोपी पूरे घर में रखे कीमती सामान समेटकर फरार हो गया।

परिवार के मुताबिक सुबह उठने पर घर के सभी कमरों की अलमारियां और वार्डरोब टूटे मिले। चोरी गए सामान में करीब 600 ग्राम सोने के जेवर, हीरे का सेट, रुबी सेट, चांदी के आभूषण, सगाई में मिले उपहार, जरूरी दस्तावेज और 8 लाख रुपये नकद शामिल हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, होटल रिकॉर्ड और तकनीकी इनपुट के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।