bjp-questions-sand-smuggling-deforestation-submits

बालू तस्करी और जंगलों की कटाई पर भाजपा ने उठाए सवाल, डीसी को सौंपा ज्ञापन

Share
Link copied
bjp-questions-sand-smuggling-deforestation-submits
bjp-questions-sand-smuggling-deforestation-submits

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में बालू के अवैध खनन, भंडारण और तस्करी के साथ जंगलों में पेड़ों की कटाई का मामला सामने आने के बाद भाजपा ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को जिला उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने प्राकृतिक संसाधनों के कथित दोहन पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

Advertisment
Advertisment

ज्ञापन में गुड़ाबांदा, चाकुलिया और बहरागोड़ा समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वर्णरेखा नदी से बड़े पैमाने पर बालू के अवैध खनन और तस्करी का मुद्दा उठाया गया। इसके अलावा चाकुलिया प्रखंड के सांकाभांगा गांव के समीप जंगल में 500 से अधिक सखुआ के पेड़ों की कटाई का मामला भी उठाया गया। भाजपा ने इस घटना को गंभीर बताते हुए वन विभाग की निगरानी व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।

Advertisment
Advertisment

मीडिया से बातचीत में डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने आरोप लगाया कि राज्य में बालू की अवैध तस्करी का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले सात वर्षों से बालू की समस्या के कारण लोगों को महंगे दामों पर बालू खरीदनी पड़ रही है। इससे गरीब परिवारों के लिए घर बनाना मुश्किल हो गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना और अबुआ आवास योजना के तहत स्वीकृत कई मकानों का निर्माण भी बालू की कमी के कारण अधूरा पड़ा है।

Advertisment
Advertisment

उन्होंने आरोप लगाया कि छोटी गाड़ियों और ट्रैक्टरों पर कार्रवाई की जाती है, लेकिन बड़े वाहनों से होने वाली कथित तस्करी पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से अवैध बालू कारोबार पर रोक लगाने और गरीबों को उचित दर पर बालू उपलब्ध कराने की ठोस व्यवस्था करने की मांग की, ताकि अधूरे आवासों का निर्माण पूरा हो सके।

Advertisment
Advertisment

डॉ. गोस्वामी ने सांकाभांगा गांव के समीप 500 से अधिक सखुआ के पेड़ों की कटाई को गंभीर मामला बताते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में पेड़ों का काटा जाना वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि जंगलों की अंधाधुंध कटाई से पर्यावरण को नुकसान पहुंचने के साथ आने वाली पीढ़ियों के प्राकृतिक संसाधनों पर भी असर पड़ता है।

RKDF
advertisement

उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी, जिला उपाध्यक्ष रोहित सिंह परमार और महानगर जिला महामंत्री राजीव सिंह शामिल थे।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।